Showing posts with label चित्र कथा. Show all posts
Showing posts with label चित्र कथा. Show all posts

Thursday, June 24, 2010

आविष्कार और आवश्यकता




अब जब बारिश आ गई है, मौसम के कटीलें रोयें जरा नर्म पड़ गये हैं, तो इस तस्वीर को देख कर लोग बहुत कुछ अवॉट बवॉट सोचेंगे, सोचेंगे कोई नकाबपोश है, सोचेंगे हो न हो कोई आतंकवादी है.. और नही तो कोई पुलिसवाला है जो छुप के कहीं छापा डालने जा रहा है(मेरी भांजी प्राची जब बहुत छोटी थी तो अपना चेहरा अपने ही हाथों से ढँक कर समझती थी कि वो सबसे छुप गई है और बहुत ही प्यारी भोजपुरी बोलते हुए पूछती थी – मामा हम कोईजा बानी (मामा मैं कहाँ हूँ) जबकि होती वो ठीक मेरे सामने थी).

पर यह तस्वीर मई के उन दिनों की है जब तापमान बढ़ कर असीम हो चुका था और हमारे बुजुर्ग कहानीकारों की तरह हमसे बेहद नाराज लू का कहना था कि अभी नहीं तो कभी नहीं. ऐसे में जो मुँह में चांदी का चम्मच लिये नही पैदा हुए है उन्हें मुश्किलों का सामना करना पड़ता है. उन्हे यह सहूलियत उप्लब्ध नही होती कि ए.सी ऑफिस से निकले तो सीधा चार पहियों वाली ए.सी. में लैंड किये. हमारा तो इंतज़ार ए.सी. ऑफिस के बाहर गुस्सैल सूरज कर रहा होता है यह कहते हुए कि - मुझे यहाँ धूप में छोड़ खुद ए.सी. की हवा खा-पी रहे थे, अब चखाता हूँ तुम्हे मौसम का असली मजा. घर के उबलते हुए कमरे इंतजार कर रहे होते हैं. घड़े का पानी इंतजार कर रहा होता है जिसे घड़े ने अप्रैल में ही पानी ठंढा करने से इंकार कर दिया था. कहीं यह इंतजार ऑरेंज फ्लेवर का ग्लूकॉन डी भी करता है.

दिन में लू के थपेड़े हमारे चेहरे को झुलसा देतें हैं, पीटते हैं जैसे खूब उंचाई से गिरा हुआ आम. गर्म लू ठीक से सांस भी नही लेने देती. और फिर आप ऐसे अनोखे अनोखे और बेचारे बेचारे किस्म के मासूम इंतजाम करने में लगे रहते हैं जैसे इस तस्वीर में पूजा.

खुद की यह तस्वीर पूजा ने रिक्शे पर बैठे बैठे ही उतारी है और इस समय वो कोई मास्क या नकाब नही डाले हुए है. यह एक टिशू पेपर है जिससे इन्होने अपना चेहरा ढँक रखा है. बहुत तेज लू के खिलाफ एक जिद की तरह यह टिशू पेपर टिका है. फिर वो बात शुरु होती है जिसके लिये यह पीढ़ी मशहूर हुई जा रही है और जो बुजुर्गों को बहुत नागवार गुजर रही है. अगर रोने गाने वाली पीढ़ी ने लू के खिलाफ यह क्षणिक उपाय विचारा होता तो उसका गुण गाते(जाहिर है, रोते हुए ही), उस टिशू पेपर को ताउम्र के लिये, प्रेमपत्र की तरह, बचा रखते. पर पूजा ने ठीक इसका उल्टा किया. यह इतिहास में अमर होने की झूठी आकांक्षा रखने वाली पीढ़ी नही है इसलिये ज्यादा स्वंतत्र है और एक एक पल को जीने मे यकीन रखती है..इसलिये लू के खिलाफ यह टिशू पेपर कितना कारगर हुआ यह तो पता नही पर जैसा की तस्वीर से जाहिर है, पूजा ने टिशू पेपर में दो ऐसी जगहों पर सूराख किये जहाँ आँखे टिक रही है ताकि बाहर का भी जायजा जारी रहे.

बिना बताये समझने वाली बात यह है कि यह उपाय हमेशा हमेशा के लिये नही है और ना ही यह कोई उच्शृंखलता दर्शाती है.. यह बस एक खास समय की मुश्किल से बचने के लिये लिया गया क्षणिक सहारा है. बेहद तात्कालिक और उतना ही जरूरी.

Thursday, June 10, 2010

दिल्ली में बच्चे



यह तस्वीर पूजा ने उपलब्ध कराई है.इनके नये मोबाईल – नोकिया 2700 क्लासिक के कैमरे से उतारी गई यह तस्वीर जिस क्षण की है उसके ठीक पहले, जैसा पूजा ने बताया, ये तीनों बहादुर अपनी इस साईकिल पर सवार होकर किसी कार से रेस लगा रहे थे और फिर जो हंसी छूटी कि अब भी मुस्कुरा रहे हैं.

दिल्ली का नाम आते ही कुछ ऐसी जिम्मेदार या फिर क्रूर छवि मन मे उभरती है कि मानो दिल्ली में बच्चे होते ही नही होंगे. और अगर होते भी हों तो शरारते सभ्य शहर के बाहर जाकर करतें होंगे. ऐसी भोली शरारतों के लिये मेरे मन मे धनबाद की जगह सुरक्षित है. मैं आठ और नौ के बीच रहा होउंगा जब पापा के साथ धनबाद एक नातेदारी में गया था. वहाँ एक छोटा बच्चा था, चार या पाँच का, जिसकी तिपहिया साईकिल मैने खूब चलाई थी. मेरे पैर उस खास समय की आवश्यकता से लम्बे थे पर मुझ पर कोई पागल धुन सवार हो गई थी.

अभी देखें तो इन तीनों में से पीछे वाले को छोड़कर किसी की भी उम्र इस साईकिल पर बैठने वाली नही रह गई है पर एक नही, दो नही, तीन तीन सवार इस नन्ही साईकिल पर जमे हैं और जैसे इतना ही काफी नही कि किसी कार से भी रेस लगा चुके हैं तथा इनकी जो मुस्कान है वो नब्बे के दशक का सबसे मशहूर डायलॉग याद दिला रही है.. “ ...जीत कर हारने वाले को बाजीगर कहते हैं.”

इनके पूरे चेहरे पर फैली मुस्कान से मन हरा हो गया. यह चित्र यहाँ दे रहा हूँ इस भली उम्मीद के साथ कि काश ये बच्चा पार्टी अपने जीवन की हर रेस जीते.

Tuesday, February 16, 2010

गुमशुदा की तलाश का स्वप्न

कोई घर छोड़ने का निर्णय कैसे लेता होगा? क्या इसके लिये घर परिवार की अन्दरुनी परिस्थितियाँ जिम्मेदार होती हैं या बाहरी कोई गति? मेरे मौसाजी के भाई थे। दिमाग से थोड़ा सुस्त। पागल नहीं थे। बस थोड़ा अलग थे। जरुरी नहीं कि पैदाईशी ही रहा हो।

हमारा समाज ही इतना महान है कि अगर आप सीधे साधे हैं तो यह समाज आपको हरवक्त नीचा दिखाने की, आपसे झूठ बोलने की कोशिश करेगा। गाँव घर के लोग आपका मजाक उड़ायेंगे। कभी कभी यह मजाक सामूहिक पिटाई की शक्ल भी ले लेता है। इससे वो इंसान दब्बू फिर कुंठित और फिर सोझबकाह(गैर दुनियादार) होता चला जाता है। और कहते हुए अच्छा तो नही लग रहा, पर कहना तो पड़ेगा कि यही सारा कुछ अक्सर ऐसे लोगों के घरों में भी होता है। मैने घर छोड़ने के किस्से तमाम सुने हैं, एक लिख भी रहा हूँ(पता नहीं कहानी में क्या होगा) पर जो मैनें आंखो देखी है उसमे ज्यादातर घटनायें घर परिवार के दबाव में घटी हैं।
अनचाही यायावरी के इस जीवन में जाने कितनी ऐसी तस्वीरें मिलती हैं जिनमें लोगों को लौटने की रुला देने वाली अपील होती है। बचपन में दूरदर्शन ने भी कितना दिखाया! पर आज तक कोई ऐसी खबर मुझे नही मिली जिसमें किसी के वापसी की कोई खबर हो। जैसे मेरे मौसाजी के भाई। वो दो बार घर से भागे और दो बार उन्हे हैदराबाद से खोज कर लाया गया(ऐसा लोग दावा करते हैं) पर तीसरी बार नहीं! मैं आठ साल का रहा हूँगा पर आज भी मुझे उनके खाते समय की शक्ल याद है। यह आखिरी वाक्य कहने के पीछे एक कारण है वो यह कि --

मेरे तमाम स्वप्न हैं। उसमे से एक यह भी है कि काश कभी किसी ऐसे इंसान को, जो गुम हो गया है, उसे उसके परिवार से मिला सकूँ। जब कोई अभागी तस्वीर देखता हूँ तब मैं चेहरे को याद करता हूँ और फिर इधर उधर लोगों के चेहरे देख उस तस्वीर से मिलाता हूँ। घंटे दो घंटे में ऐसा होता है, सैकड़ों लोगों के सजीव चेहरे देखते रहने के बाद सारे चेहरे गड्डमड्ड होने लगते हैं और वो तस्वीर वाला चेहरा ध्यान से उतर जाता है।

इनदिनों मेरे कुछ अत्यंत महत्वपूर्ण स्वप्न असफल और अधूरे रह जा रहे हैं। निराशा है पर जब “आप ही मरीज और आप ही हकीम” का जीवन जिया जाता है तब कितना कुछ सकारात्मक जानबूझ कर सोचना पड़ता है। और यह सकारात्मक सोचना कितना अच्छा है जब सारे स्वप्न ध्वस्त हो रहे हों तो क्या पता यह स्वप्न पूरा हो जाये।

Monday, February 8, 2010

राजधानी दिल्ली में क्षृंगार थियेटर या श्रृंगार थियेटर?

राजधानी दिल्ली के बेहद परिष्कृत जगह प्रगति मैदान के हॉल नम्बर एक पर टँगा यह बोर्ड। लगभग रोज ही यहाँ कोई ना कोई मेला(पुस्तक, व्यवसाय, गाड़ी, घर इत्यादि) लगा रहता है। भाषा की ऐसी अशुद्धियाँ किसी कस्बेनुमा जगह की दुकानों या दीवाल पर लोकल पैंटर की चित्रकारी में दिखे तो और बात है तथा देश की राजधानी और प्रतिष्ठित जगहों पर दिखे तो और।

ताजा ताजा बीते शनिवार की शाम का कोई वक्त था और हम जाने किस बात पर झगड़ रहे थे कि हमने एक सज्जन को फोन पर बात करते सुना। वो सज्जन पुस्तक मेले में भटक गये थे। अब वो अपने मित्र को समझा रहे थे, “मैं क्षृंगार थियेटर के पास हूँ’’। वैसे भी पुस्तक मेले में अगर कोई राह चलते मिल जाये तो मिल जाये वरना ढूंढना तो मुश्किल ही है। पर हम दोनो का ही ध्यान उस व्यक्ति द्वारा उच्चारित ‘क्षृंगार’ शब्द पर टिक गया। हमने कोई ऐसा शब्द, और वो भी संज्ञा, आज तक नहीं सुना था। झगड़े को टाल हम कौतुक में यह देखने आये कि क्षृंगार थियेटर क्या होता है? परंतु इसकी अंग्रेजी देख हमें तसल्ली हुई कि यह और कुछ नहीं, अपनी भाषा का चिर परिचित और बेहद खुशगवार शब्द “श्रृंगार” है।
भाषा के प्रति ऐसी लापरवाही तकलीफ देती है। अब वो सज्जन अगर अपने मित्र को ढूंढ पाने में सफल हुए होंगे तो जब जब यह किस्सा सामने आयेगा वो बार बार कहेंगे कि हम लोग क्षृंगार भवन के पास मिले थे। इस कल्पना को थोड़ी और राह दिखायें तो यह भी हो सकता है कि उस सज्जन के आस पड़ोस में कोई ऐसा भी हो जो इस शब्द पर ताज्जुब खाये और शब्दकोशों की सम्भावनाशील मदद माँग डाले।या फिर....?और नही तो या फिर .......?

Wednesday, February 3, 2010

ऐसी नींद किसे नही चाहिये!

गोएथे की आत्मकथा “ट्रुथ ऐंड फिक्शन रेलटिंग तो माई लाईफ” पढ़ने के दौरान कुछेक गलत/उलझाऊ अनुवादों से पाला पड़ा जिसका मुझे फायदा ही हुआ। गलत अनुवाद पढ़ते हुए हम हमेशा कई सारी कल्पनाओं के लिये आजाद होते हैं, जो मुझे काफी कुछ सिखाती है। इसी तर्ज पर इस किताब से मैने सीखा कि जब हम भविष्य काल में पहुंच कर पीछे यानी अतीत की ओर देखते हैं तो बाकी सब तो वही रहता है पर एक सूना डर जो उस वर्तमान में हमे सता रहा था, अब वह नदारद रहता है।

उदाहरण के लिये यह तस्वीर। चैन की नींद सो रही श्रेया(नाम इसकी दादी ने बताया)। ऐसी नींद सबको नसीब हो। पर अभी तो शिल्प की बात। यह तस्वीर अपनी अम्बाला से दिल्ली यात्रा के दौरान मैने ली है। जब मैं इसे ले रहे हूँ तो यह बच्ची गहरी नीन्द में सो रही है और मेरे मन में दो समान लालच है। पहला कि इस लड़की की नींद ना खुले और दूसरा, इसकी तस्वीर भी मैं ले लूँ। सूचनार्थ, वह कन्धा मेरा ही है जिससे लग के श्रेया सो रही है। अब मुझे सारा काम दाहिने हाथ से करना है।
मैने कैमरा ऑन किया और जैसे ही क्लिक किया बच्ची कुनमुनाई है। इसका मतलब फ्लैश इसके चेहरे पर तेज आ रहा है। मुझसे जैसे कोई अपराध हो गया हो, मैं एक तस्वीर के लिये किसी की नींद नही खराब कर सकता। अब मैं फ्लैश ऑफ करता हूँ और बेहद शाइस्तगी से सो रही श्रेया के चार पांच फोटो उतारे। फोटो उतारने के बाद मैं पूरे रास्ते सोचता रहा कि अगर मैं पहले उतर गया तो कही इस लड़की की नींद में खलल ना पड़ जाये। पर मेरी मुश्किल आसान हो गई है जो मुरथल आने से पहले ही मैडम नींद से जग जाती हैं और अपनी दादी से पानी मांग रही हैं।
दूसरी कक्षा में पढ़ने वाली श्रेया तुम्हे धन्यवाद। कारण कि गोयथे की आत्मकथा पढ़ जाता और ध्यान मे आये इस शिल्प को भूल भी जाता पर तुम्हारी नींद ने इस शिल्प को साधने का मौका दिया।

Monday, February 1, 2010

उन्नीसवें पुस्तक मेले के विशिष्ट मेहमान



हुदा आलम। सात महीने की कोमल उम्र में विश्व पुस्तक मेले में शामिल।

Tuesday, January 26, 2010

हरियाणा के पूर्व प्रधानमंत्री- श्री अटल बिहारी वाजपेयी


गणतंत्र दिवस की शुभकामनाओं वाला यह सन्देश पंजाब केसरी, दैनिक अखबार, के 26 जनवरी 2010 के अंक में है। दरअसल अखबार के इस पृष्ठ पर कुल तीन ऐसे सन्देश है। एक व्यापार प्रकोष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष जगमोहन आनन्द की ओर से, दूसरा भाजपा जिलासचिव दीपक धवन की ओर से और तीसरा जिला प्रधान चन्द्रप्रकाश कथूरिया की ओर से। तीनों में सूचना यही है कि अटल बिहारी बाजपेयी हरियाणा के पूर्व प्रधानमंत्री।
चाहे जितने बड़े मीडिया हाऊस से यह सूचना मिले, यह गलत है। और अगर यह गलत है तो क्या यह एक मामूली चूक है? या अहमन्यता? छपने से पहले यह कितने लोगों की निगाह से गुजरी होगी?







Thursday, December 17, 2009

कैसे बताऊँ राज-ए-इश्क....

एक बार फिर करनाल रेलवे स्टेशन।

यह तस्वीर पोस्ट करते हुए एक संकोच मन में लगातार बना रहा कि इसे इजहार का अश्लील नमूना ना समझ लिया जाये और मेरे इस प्रयास को एक उच्श्रृंखल व्यवहार। जबकि मेरा यह भरपूर मानना है कि और जो भी हो, यह कहीं किसी कोने से अश्लील इजहार नहीं है। साथ ही यह भी, बचपन से ऐसी लिखावटों को पढ़ना ठीक लगता है। इजहार के ये तरीके आकर्षण लिए रहे हैं। मालगाड़ियों के लाल डब्बों पर लिखी ये इबारतें अक्सर पढ़ने को मिलती हैं। कहीं कहीं तो गाँव कस्बे का नाम भी दर्ज मिलता है। लड़के और लड़की का नाम भी। मैं सोचता हूँ कि इतनी मेहनत करने की हिम्मत जुटाना भी एक बात है। जिस किसी आशिक ने इसे लिखा होगा उसे जब कभी इसकी याद आती होगी वो, शायद, मुस्कुराता होगा और पुन: एकाध बीते ख्यालों से गुजर कर अपने काम में लग जाता होगा। दक्षिण मध्य रेल के इस डब्बे पर लिखी यह इबारत कहाँ कहाँ घूम आई होगी।

Monday, December 14, 2009

करनाल रेलवे स्टेशन पर कुछ गुत्थियाँ


यह तस्वीर करनाल रेलवे स्टेशन पर ली गई है। उस आदमी ने, जिसके हाथ में हथकड़ी लगी है, मेरे सामने वह किताब खरीदी जो उसके हाथ में है। दोनों पुलिस वाले उतनी देर उस रस्सी, और उस रस्सी में बँधे आदमी, को थामे खड़े रहे जब तक की उस आदमी ने, जिसके हाथ में हथकड़ी लगी है, अपनी मनपसन्द किताब नहीं खरीद ली। वो किताब ज्योतिष की है। उस आदमी ने, जिसके हाथ में हथकड़ी लगी हुई है, पुलिस वालों को कुछ देर ज्योतिष में अपनी रुचि और गहरे ज्ञान के बारे में बताता रहा जब तक कि उनके प्रतीक्षित रेल की सूचना नहीं हुई।
मुझे यह दृश्य अजब लगा। लगा कि क्या बात है! और आश्चर्य कि तस्वीर को अब ध्यान से देखने के बाद एक नितांत नई और उतनी ही ताकतवर गुत्थी बनती नजर आई – पिछे बैठा प्रेमी युगल। कौन नहीं जानता कि करनाल जैसी छोटी जगहों पर प्रेम करने वालों के लिए ऐसी सुखद मुलाकात परिकल्पना या गप्प होती है।

Friday, October 30, 2009

नींद की चित्रकथा


(साभार: अमित मनोज,महेन्द्रगढ़।)

नींद स्वास्थ्य के लिये जरूरी है और उसी स्वास्थ्य के लिये सवारी भी चाहिये। आप बताइये, इस नींद मे डूबे के पास अगर सवारी आये तो ये क्या करना चाहिये?
1) नींद से उठकर सवारी ले जायेंगे।
2) सवारी को मना कर देंगे और प्यारी नींद को प्राथमिकता देंगे।
3) सवारी से ज्यादा किराया मॉग लेंगे: अगर सवारी तैयार, तब जायेंगे वरना ‘ना’ कर देंगे।