Sunday, December 12, 2010
निजार कब्बानी की कविता
ओ मेरे वतन !
तुमने प्रेम और विषाद के कवि का कायांतरण कर डाला
वैसे कवि में जो
चाकू से लिखने लगा है..
यों तो पूजा सिंह ने 'गुस्सैल पीढ़ी' कविता के माध्यम से कब्बानी के तेवर से परिचय कराया था पर उनके दूसरे कवि रूप से विस्तृत परिचय कराने के लिये मनोज पटेल का आभार. साथ ही यह सुखद समाचार भी कि मनोज ने कब्बानी की कविता पुस्तक ‘ऑन एन्टरिंग द सी’ का प्रवाहमान अनुवाद पूरा कर डाला है. उन्हे बधाई. अनुदित पुस्तक शीघ्र प्रकाश्य..
......
गुलाम देश से आई एक गोपनीय रपट
साथियों !
क्या है कविता गर नहीं करती यह एलान बगावत का ?
गर उखाड़ नहीं फेंकती यह निरंकुश सत्ता को ?
क्या है कविता गर यह नहीं भड़काती ज्वालामुखियों को वहां
जहां हमें उनकी जरूरत है ?
और क्या मतलब है कविता का आखिर
गर यह नोच नहीं लेती दुनिया के ताकतवर बादशाहों के सर से ताज ?
...........
Tuesday, November 30, 2010
निजार कब्बानी की लम्बी कविता
मनोज पटेल ने अनुवाद का जो बीड़ा उठाया है वह तो काबिले गौर है ही पर जिस लगन और रफ्तार से अनुवाद कर रहें हैं वो हैरतअंगेज है. लगभग रोज ही किसी सुघड़ और सुन्दर कविता का अनुवाद कर रहे हैं उसी शृंखला में निजार कब्बानी की यह प्रेम कविता...
..............................
प्यार की किताब
तुम्हारा प्यार
पराकाष्ठा है प्यार की, गूढ़ से गूढ़तम ;
है इबादत अपने आप में.
जन्म और मृत्यु की तरह
नामुमकिन है इसका दुहराव.
* *
सच है सब जो कहते हैं वे मेरे बारे में ;
प्यार में मेरी शोहरत के बारे में
स्त्रियों के साथ के बारे में जो कहते हैं वे
सच है सब,
लेकिन वे नहीं जानते तो बस यह
कि तुम्हारे प्यार में लहूलुहान हूँ मैं
ईसा मसीह की तरह.
* *
फ़िक्र मत करो, सबसे हसीं
हमेशा मौजूद रहोगी तुम मेरे शब्दों में मेरी कविताओं में.
उम्रदराज हो सकती हो तुम समय के साथ
मेरी रचनाओं में रहोगी मगर यूं ही.
* *
काफी नहीं है तुम्हारी पैदाइशी खूबसूरती
मेरी बाँहों से होकर गुजरना था तुम्हें इक रोज
खूबसूरत से भी ज्यादा होने को.
* *
जब सफ़र करता हूँ तुम्हारी आँखों में मेरी जान,
जैसे सवार होता हूँ किसी जादुई कालीन पर.
एक गुलाबी बादल उठा लेता है मुझे
और फिर एक बैगनी बादल.
चक्कर काटता हूँ तुम्हारी आँखों में प्रिय ;
चक्कर काटता हूँ... पृथ्वी की तरह.
* *
कितनी मिलती-जुलती हो तुम एक छोटी सी मछली से,
डरपोक प्यार में... किसी मछली की ही तरह.
लेकिन हज़ारों स्त्रियों को मारकर मेरे भीतर
तुम बन बैठी हो मलिका.
* *
उतार फेंको अपने कपड़े
सदियों से करिश्मा नहीं हुआ कोई इस धरती पर.
उतार फेंको... निर्वस्त्र हो जाओ,
गूंगा हूँ मैं -
और तुम्हारी देंह जानती है दुनिया की सारी भाषाएँ.
* *
जब प्यार करता हूँ मैं
बन जाता हूँ समय
समय से भी परे.
* *
हवा पर लिखा मैंने
नाम अपने प्यार का.
पानी पर लिखा उसका नाम.
जानता कहाँ था मैं
कि हवा बह जाती है बिना सुने,
और पानी में घुल जाते हैं नाम.
* *
तुम अब भी पूछती हो मेरा जन्मदिन
लिख लो इसे,
जान लो ठीक-ठीक
जिस दिन क़ुबूल किया तुमने मेरा प्यार
उसी दिन हुआ मेरा जन्म.
* *
अगर जिन्न कभी आ जाए
बोतल से बाहर और पूछे
"क्या हुक्म है मेरे आका !
एक मिनट में चुन लीजिए
दुनिया के सारे कीमती हीरे-जवाहरात,"
मैं चुनूंगा सिर्फ तुम्हारी आँखें.
* *
अपने प्यार में पिघला दी मैंने सारी कलमें -
नीली... लाल... हरी...
जब तक कि ढल नहीं गए शब्द.
मैंने फाख्तों के कंगन पर जड़ दिया अपना प्यार
जानता नहीं था
कि दोनों उड़कर चले जाएंगे दूर.
...............
Monday, November 8, 2010
निजार कब्बानी की कविता : मैं जानता था

वे तुम्हारे घमंड को प्रतिबिंबित करने वाले
Friday, May 7, 2010
निजार कब्बानी की कविता जो वर्षों पहले निरूपमा के लिए ही लिखी थी
पारिवारिक तानाशाही का शिकार बन चुकी निरूपमा ने अपनी मृत्यु के बाद एक बड़ा काम किया है. विभाजक रेखा खींची है: ढोगियो और पाखंडियों को इतनी आसानी से मंच पर कभी नहीं देखा गया जो उस परिवार के सुख चैन के लिए हो-हल्ला मचा रहे है जिसने, अगर रिश्वतखोरो और दबाव बना कर जीने वालो के लिए उपयुक्त इस समय के सारे तर्कों को मान लें, निरूपमा को कम से कम आत्महत्या करने पर मजबूर किया ही किया. अपनी कुंठित उम्र जी चुके लोग ब्लॉग की दुनिया में नैतिक शुचिता पर गंध मचाये हुए हैं. अकुंठ और युवा पीढी के लिए निहायत ही गैर जरूरी प्रवचनों का परनाला बहा रहे हैं. ऐसे जले समय में महान कवि निजार कब्बानी की यह कविता, सालो पहले लिखी जा चुकी थी पर, अपने होने का कोई मतलब पाने के लिए शायद निरुपमा का इन्तजार कर रही थी. इस कविता को ढूढने और इसके अनुवाद का संयुक्त काम पूजा सिंह का है.
क्रुद्ध पीढ़ी चाहिए
हम एक गुस्सैल पीढी चाहते हैं
हम चाहते हैं ऐसी पीढी जो क्षितिज का निर्माण करेगी
जो इतिहास को उसकी जड़ो से खोद निकाले
गहराई में दबे विचारों को बाहर निकाले
हम चाहते हैं ऐसी भावी पीढी
जो विविधताओं से भरपूर हो
जो गलतियों को क्षमा ना करे
जो झुके नहीं
पाखंड से जिसका पाला तक ना पड़ा हो
हम चाहते हैं एक ऐसी पीढी
जिसमें हों नेतृत्व करने वाले
असाधारण लोग
Sunday, January 10, 2010
निज़ार कब्बानी की दो कवितायें
निज़ार कब्बानी (1923-1998) अरब जगत में प्रेम , ऐंद्रिकता , दैहिकता और इहलौकिकता के कवि अपनी कविता के बल पर बहुत लोकप्रिय नामचीन गायकों ने उनके काव्य को वाणी दी है. साहित्यिक संस्कारों वाले एक व्यवसायी परिवार में जन्में निज़ार ने दमिश्क विश्वविद्यालय से विधि की उपाधि प्राप्त करने के बाद दुनिया के कई इलाकों में राजनयिक के रूप में अपनी सेवायें दीं जिनसे उनकी दृष्टि को व्यापकता मिली. उनके अंतरंग अनुभव जगत के निर्माण में स्त्रियों की एक खास भूमिका रही है ; चाहे वह बहन की आत्महत्या हो या बम धमाके में पत्नी की मौत. परिचय साभार कबाड़खाना. यहाँ प्रस्तुत हैं उनकी दो कवितायें.
जब जब मैं तुम्हे चूमता हूँ
हर लम्बी जुदाई के बाद
जब मैं तुम्हे चूमता हूँ
मुझे महसूस होता है
किसी लाल पोस्टबॉक्स में
कोई प्रेम पत्र छोड़ रहा होऊँ
गर्मियों में
गर्मियों में
मैं समुद्र किनारे पड़ा रहता हूँ
और तुम्हारे बारे में सोचता हूँ
तुम्हे लेकर मैं क्या महसूसियत रखता हूँ
अगर यह कभी मैं समुद्र को बता देता
तब ये समुद्र अपने कूल-किनारे
अपने घोंघो
अपनी मछलियों को छोड़
मेरे पीछे चला आया होता