Showing posts with label फिल्म. Show all posts
Showing posts with label फिल्म. Show all posts

Friday, August 19, 2011

निमारी संस्कृति पर पहली फिल्म : ऐसा देश है मेरा

( मेरे लिए आरिफ हमीद मित्रवत शिक्षक रहे हैं. सिनेमा देखना, उस पर लिखना पढ़ना अन्य जगहों से सीखा, पर सिनेमा निर्माण का अगर कुछ ककहरा होता है तो उसे आरिफ हमीद जी से ही जाना. इनके साथ मैने पहली 
डॉक्यूमेंट्री की थी, जिसके सिलसिले में स्क्रिप्ट, सम्पादन और कैमरे के व्याकरण को आरिफ जी ने बखूबी बताया. अब वही आरिफ अपनी पहली 'फीचर' फिल्म के साथ आ रहे हैं, और हम उनके इस कदम का तहेदिल से इस्तेकबाल करते हैं. फिल्म 'ऐसा देश है मेरा' का निर्देशन आरिफ साहब का ही है. दशकों तक रंगमंच से जुड़े आरिफ का 'सिनेमाटिक मूड' इस जमाने की प्रचलित भव्यता के खिलाफ है. सरलता उनकी 'फ्रेम' है. इस फिल्म के लिए अथाह शुभकामनाएँ. 

फिल्म पर यह परिचयात्मक टिप्पणी शेषनाथ पाण्डेय की है. शेष, धारावाहिकों की दुनिया से जुड़े हैं और किसी भी दिन यह सूचना धमक सकती है कि शेष फिल्मों के लिए लिख रहे हैं. 

फिल्म के क्लिप्स यहाँ देखें : http://piujitharodesmovie.com )
.............................................................................................

ऐसा देश है मेरा : काश कि ऐसा हो.   


म्यूज़िक,मस्ती, हंगामा और बड़े बजट वाले बॉलिवुड के इस बिकाउ सुर के बीच अपने समय और उसकी संस्कृति की बात करना क्या एक कोरी लफ़्फाजी हो जायेगी? यह बात तब और महत्वपूर्ण हो जाती है जब लोग दबंग और सिंघम जैसी हिट फिल्म से नायक और स्टारडम की वापसी को लेकर फूले नहीं समा रहे है. लेकिन इससे अलग कोई फिल्मकार छोटी बजट में और बिना स्टार के अपनी बात कहने की चेष्टा करता है तो उसे क्या कहा जाय. उसके साहस की तारीफ़ की जाय या उसे दुस्साहसी या बउरहा करार देकर किनारा कर लिया जाय. हम किनारा करे या उन्हें कंधे पर बैठाए लेकिन वास्तविक फिल्मकार हर दौर में फिल्म बनाते रहे है और बनाते रहेंगे. सबसे बड़ी बात यह कि उनके इस दुस्साहिक कारगुज़ारी को लोगो ने ना सिर्फ़ सराहा है उससे बॉलिवुड समृद्ध भी हुआ है.  

इसी कड़ी में अपनी स्टाइल से बिना हंगामा किए “आरिफ़ हामिद” दर्शको के लिए “ऐसा देस है मेरा” ला रहे है. आरिफ़ ने एक दशक से ज्यादा खुलकर रंगमंच किया है जिसमें अंधायुग और महाभोज जैसी काव्यात्मक और औपन्यासिक कृतियाँ शामिल है. यहीं नहीं आरिफ़ ने ढाई सौ के करीब डॉक्यूमेंट्री भी बनाई है. आरिफ़ के अनुसार “पर्दे पर नायक या खलनायक की वापसी और विदाई नहीं होती एक फिल्मकार का आत्म विश्वास और उसका भरोसा ही अपने समय की कथा को दर्शाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करता है. आज से दो-तीन साल पहले एक पर एक कॉमेडी फिल्म हिट हो रही थी. इस भेड़ चाल में एक एक फिल्म के तीन-तीन पार्ट तक बनाए गए और मज़मून यह की सब के सब औसत से ज्यादा सफल रही और अब जब एक ऐक्शन फिल्म हिट हुई नहीं कि सब इसके पीछे पड़ गए. दरअसल यह बाजार के दबाव के बीच हमारी कमजोरी को दर्शाता है. हमें अपने उपर भरोसा नहीं हो रहा है कि हमें करना क्या है और हम कर क्या रहे है.किसी भी सिनेमा या कला के लिए यह खतरनाक स्थिति है.”

आरिफ़ लंबे समय से मुंबई में मौजूद है और सिनेमा के कई पक्षों पर बारीकी से काम करते हुए इस देश के सामाजिक सांस्कृतिक अस्तित्व को फिल्माने के कोशिश में लगे हुए है. उनके कला से जुड़ाव का जो अनुभव संसार बना है उसी को आगे बढ़ाते हुए वो अब दर्शको के लिए अपनी डेब्यू फिचर फिल्म ला रहे है.   

“ऐसा देस है मेरा” में गाँव है “सोनखेड़ी”. सोनखेड़ी ऐसा गाँव नहीं है जहाँ विदर्भ की तरह किसान आत्म हत्या कर रहे है. या सूखे या बाढ़ से बदहाल गाँव जहाँ के लोग अन्न जल के लिए छछन रहे है. बात यहाँ आती है कि फिर इस गाँव की बात बताने की जरूरत ही क्यों आन पड़ी? इसके जवाब में आरिफ़ कहते है –“ भले ही सोन खेड़ी के किसान आत्महत्या नहीं करते. लेकिन खेती का जो स्वरूप बदला है और किसानी महंगी हुई है और उस पर बाज़र का हस्तक्षेप इतना बढ़ गया है कि सरकार भी मुँह छिपाकर बिचौलिए की झोली भर रही है वैसे में इस ज़िदादिल सोनखेड़ी से यह कह कर किनारा कर लिया जाय कि यहाँ कोई बदहाली नहीं है. कोई हंगामा नहीं हो रहा है. और जगहों पर कितने-कितने,कैसे-कैसे हंगामे हो रहे है. तो यह सोनखेड़ी भी एक दिन विदर्भ की तरह हो जाएगा. ऐसे में मेरी मंसा बस यह है कि हमारे पास जो ताक़त बची है उसे और बरबाद होने से बचाए और उनकी ज़रूरतो का तात्कालिक समाधान निकाला जाय. इसीलिए मैंने बिना हंगामा किए सोन खड़ी के लोगो के माध्यम से बात कहीं है. और ऐसा भी नहीं है कि सोन खड़ी की बात कहते हुए हम किसी जन संघर्ष का विरोध कर रहे है.हम किसी भी हाल में सूरत बदलना चाहते है. और इसी भाव से हमने सोनखेड़ी की छोटी मगर गहराई में कहीं बड़ी समस्या को उठा रहे है.”

सोनखेड़ी के किसान सीधे-साधे है जैसा कि हर गाँव के होते है और उसका मुखिया उतना ही चतुर चालाक. वहाँ के किसान हाड़ तोड़ मेहनत करते है. किसी तरह अपनी जीविका चलाने भर अन्न और सब्जियाँ पैदा करते है लेकिन उनके पैदावार का सही मूल्य बिचौलिए की वजह से नहीं मिल पाता. गाँव का मुखिया और बीस साल तक मुखियागिरी करने के बाद भी किसान के सबसे आधारभूत समस्या से आँखे चुराकर बैठा हुआ है क्योंकि वो मंडी का सेक्रेट्री है. ऐसे में सोनखेड़ी के मुखिया का ही लड़का जो अपने पिता की प्रतिष्ठा बढ़ाने के लिए पढ़ाई करने गया था,लौट कर आता है. बिचौलियों के बीच पिस रहे किसान के लिए मुक्ति की राह तलाशता है.

गाँव का पद इस बार आरक्षित है और लड़के(नायक) का कृत्य मुखिया और उसके द्वारा बनाए गए उम्मीदवार के अंगेस्ट जा रहा है..  लड़के को फिर से शहर भेजने की बात होती है जो वहाँ के किसानो को नागवार लगती है. वे लड़के को गाँव से जाने देना नहीं चाहते है क्योंकि उनकी जो सबसे बड़ी सम्स्या थी उसका वो हल कर रहा है. इसी ताने बाने के बीच चुनाव होता है और चुनाव में लड़का चुप है. फिर भी परिणाम एकदम अप्रत्याशित. कैसे हो गया यह क्यों हो गया. इसके साथ कई और सवाल है और जवाब भी. यह अप्रत्याशित परिणाम लोकतंत्र के तथाकथित लंबरदारो को ठेंगा दिखाता है. 

“ऐसा देस है मेरा” बस किसानो की मुक्ति की राह नहीं है इसके कई सेड्स है जैसे गाँव के रिचुअल्स उससे जुड़ाव और उसका हो कर रह जाना. आरिफ़ के अनुसार हिंदी सिनेमा में नीमारी संस्कृति(यानी नर्मदा के संस्कृति)को पहली बार दिखाया गया है.

आरिफ़ के अनुसार “कुल मिलाकर जो बदलाव हो रहे है और बदलाव के बीच हमारे गाँव जो कि इस देश की असली ताक़त है के छूटने और हमारी जड़ो का जो स्वाभिमान और संस्कृति है उस पर ध्यान देने की कोशिश है सोनखेड़ी और यही हमारी फिल्म है ऐसा देश है मेरा.”

नायक के भूमिका राज सिंह चौधरी(गुलाल में अभिमन्यू सिंह के किरदार) और मधुरिमा तुली(जो अब तक दक्षिण की फिल्में कर रही थी) ने लीड भूमिका की है. और सहायक किरादारो में संजय स्वराज,एहसान खान ,मेहनाज़ सर्राफ़ रवींद्र आदि है. फिल्म में एक खास बात है कि आरिफ़ ने इस फिल्म में गाँव के किसानो से अभिनय कराया है.

सिनेमेटोग्राफी कनन सामेन का है 
विकास विश्वकर्मा ने और संगीत दिया है.फिल्म में पाँच गीत है जिसे शब्दबद्ध किया है अरूण सातले ने. अरूण सातले से गीत शब्दबद्ध के बारे में आरिफ़ कहते है –“अरूण इंदौर के गाँव से है और वे आज भी गाँव में ही रहते है. मुझे वहाँ के लोक को लेना था इसलिए मैं ऐसे आदमी से गीत लिखवाना चाह रहा था जो उससे जुड़ा हो. इस लिहाज से अरूण ने कमाल का काम किया है. इस फिल्म के लिए लिखे हुए गीत से हमारी फिल्म रिच होती है.” गीतों को स्वर राज हसन,ऋतू पाठक,लता सिंह,मधु श्री, विकास विश्वकर्मा, वैशाली वैद्य और नवाजूद्दीन ने दिया है. निमारी संस्कृति को अपने धड़कनो में शामिल कर के नर्मदा सी बहती इस फिल्म का इंतजार है. 

Thursday, February 3, 2011

धोबीघाट : मुम्बई क्या रंग डिब्बा है.

( शेषनाथ पाण्डेय का यह आलेख, धोबीघाट और इन्द्रधनुष के शहर मुम्बई पर है. और स्वयं इस स्वप्नशील शेषनाथ पर भी. दो वर्षों से मुम्बई में जमें शेषनाथ, टेलीविजन की रंगीनियाँ रचने का काम कर रहे हैं, धारावाहिकों की स्क्रिप्ट पर काम करना इनका पेशा है. स्वभाव से चुप्पा हैं. टेलीविजन के सफेद स्याह चेहरे को बेहद करीब से देख रहे, शेषनाथ कहानीकार हैं, जिनकी कहानी ‘इलाहाबाद भी’ नई बात पर प्रकाशित हो रही है. )

धोबी घाट : मुंबई डायरिज के बहाने

पिछले दिनों अक्षय कुमार ने अपनी एक टिप्पणी में कहा था कि हम जैसे अभिनेता( स्टार टाइप रूतबा वाले) उड़ान और तेरे बिन लादेन जैसी फिल्मों में काम नहीं कर सकते क्योंकि प्रोडूयसर को हमसे ज्यादा कमाई की उम्मीद होती है...अक्षय कुमार अपनी जगह पर सही हो सकते है लेकिन धोबीघाट के आने बाद के बाद अक्षय की बातें बेतुकी लगती है...आमिर का स्टारडम अक्षय से कहीं कम नहीं है बावजूद इसके आमिर ने न सिर्फ़ इस छोटी बजट और विशुद्ध कलात्मक फिल्म में काम किया बल्कि पैसा भी लगाया...आमिर ने ऐसा अनायास नहीं किया है...वे समय में हो रहे बदलाव को समझ गए है और उन्हें पता है कि अगर इस बदलाव से हम नजर छुपा ले तो हमारे पास शुतुरमुर्गी बचाव के छद्म के अलावा कुछ नहीं बच पाएगा...


हमारा परिवेश ग्लोबल होता जा रहा है...अब सच्चाई जानने के लिए हम सिर्फ़ मीडिया पर निर्भर नहीं रहे...आज फेसबुक, ऑरकुट, टूयटर जैसे सोसल साइट्स के अलावा ब्लॉग हमारे पास उपलब्ध है जिसकी बदौलत हम अपनी बात को गलोबल गाँव में छोड़ सकते है...और ये छोड़ना भी ऐसा नहीं कि इसका कोई मतलब नहीं...इसकी सार्थकता को हम पिछले दिनों साहित्य में हुए एक बड़ी हलचल से देख सकते है. बिभूति राय की एक आपत्ति जनक टिप्पणी पर एक लेखक ने घोर असहमति दर्ज करते हुए पहले अपने फेसबुक पर अपने विचार को लगाया...वहाँ से बात फैल कर एक ब्लॉग पर गई और ब्लॉग से एक अखबार ने उठा लिया फिर तो मामला पूरी तरह से मीडिया के हाथों में आ गया और देश की एक बड़ी खबर के रूप में कई दिनों तक हमारे बीच रहा...

यह मामूली बदलाव नहीं है...इन बदलावो का असर साहित्यिक मंच पर भी पड़ा है...अब छपने-छापने के लिए पत्रिकाओं की गिरोहबाजी से अलग एक रास्ता दिखाई दे रहा है. आज जो अर्थ पूर्ण फिल्में व्यावसायिकता की मोटी जंजीर को न तोड़ेने की वज़ह से सिनेमा घर तक नहीं पहुँच पाती लेकिन दर्शको तक पहुँच जाती है... अनुराग कश्यप की पहली फिल्म “पाँच” शायद डिस्ट्रीब्यूटर के अभाव में सिनेमा घरों तक नहीं पहुँच पाई लेकिन यू ट्यूब के माध्यम से सिनेमा के दीवाने दर्शकों तक पहुँच गई....हालांकि बड़ी रकम लगा कर यू टूब तक का ही सफ़र सही नहीं है फिर भी हमारे आस्वाद में जो बदलाव हो रहे हैं, इसका दूरगामी असर होगा... हम यह भी कह सकते है जनता द्वारा माउथ पब्लिसिटी का प्रभावशाली दायरा बहुत बढ़ गया है.

इन अर्थपूर्ण फिल्मों को बड़े बजट वाली फिल्मों की तरह ओपनिंग भले ही ना मिले लेकिन दर्शक अपने सोसल साइटों के माध्यम से सही चीजों को लोगों तक पहुँचाने में कामयाब हो रहे है...आज से कुछेक साल पहले भेजा फ़्राई, उड़ान, तेरे बिन लादेन, पीपली लाइव, फँस गए रे ओबामा की कुछ चर्चा ही नहीं मिलती लेकिन हर चीज का एक समय होता है और इसे तय करता है हमारा यथार्थ...इस तरह से हिंदी सिनेमा में जो पिछले कुछ वर्षो से बदलाव दिखाई दे रहे है उस बदलाव की एक मजबूत कड़ी के रूप में धोबीघाट हमारे सामने है...

स्वपन भंग की त्रासदी लेकिन संवेदना में छुपी मैल साफ हुए

आमिर खान के प्रोडक्शन में बनी नवोदित निर्देशक किरण राव की यह पहली फिल्म है और फिल्म में है, दुनिया का एक महत्वपूर्ण और अनोखा शहर मुंबई...लेकिन इस सबसे महत्वपूर्ण है इसके चकाचौंध से अलग मुंबई को एक आम जनता और कलाकार के माध्यम से देखना...बस चार लोगो की उपस्थिति और उनका आपसी अनकहा कनेक्शन इस तरह जुड़़ता है कि मुंबई एक ‘मेटाफर’ बन जाता है और यही कहानी उन चारों के साथ साथ समूची मुंबई की हो जाती है.

अरूण (आमिर खान) एक पेंटर है और अपनी पेंटिग एग्जिबिशन की एक पार्टी में वो मुंबई को बनाने वाले आंध्रप्रदेश, तमिलनाडु, और यू पी के मजदूरों के प्रति आभार प्रकट करता है और उनके दुखों के साथ खड़े होते हुए इस एग्जिबिशन को उनके नाम करता है...मुंबई में जिस तरीके़ से सत्ता के लिए इन मजदूरों को बाहरी कह के भगाया जा रहा है और उसके पक्ष में खड़े होने वालों की ज़बान बंद की जा रही है उस लिहाज से यह आभार रेखांकित करने लायक है...विरोध का यह तरीका चाहे जितना कमजोर हो लेकिन लोगों की संवेदना में अपनी पैठ बना ही लेता है जो कि हमारी एकता के लिए सबसे महत्वपूर्ण है...

अरूण को इसी एग्जिबिशन में एक पारसी लड़की शाई (मोनिका डोगरा) से मुलाकात होती है जो न्यूयार्क में बैंककर्मी है और अपने फोटोग्राफ़ी के शौक के चलते मुंबई आई है और वो मुंबई पर फोटोबुक निकालना चाहती है...अरूण को उसका पैशन अच्छा लगता है और शाई को उसका एग्जिबिशन...अरूण उसे अपने घर ले जाता है...अरूण मोनिका के खींचे हुए तस्वीरों को देखता है और यह देखना इतना आत्मीय हो जाता है कि वे एक-दूसरे में गुँथ जाते है...

सुबह होती ही अरूण को इस बात का जहाँ अफ़सोस होता है वही शाई खुश है और अरूण को सहज कर रही है लेकिन अरूण परेशान होते हुए कहता है कि हम कोई रिश्ता नहीं चाहते तब भी शाई उसे रिलेक्स करती है...फिर भी अरूण कनफ्यूज़ होकर कहता है कि “हम दरअसल ये कहना चाहते है” तो शाई इतना सुनने के बाद चिढ़ कर वहाँ से चली जाती है...

शाई कि मुलाकात मुन्ना (प्रतीक बब्बर) से होती है जो बिहार के दरभंगा जिले से आठ साल के उम्र में ही अपने चाचा के साथ मुंबई आ गया था...वो दिन में धोबी और रात में जमादार (चूहा मारने) का काम करने के साथ एक्टर बनने का सपना लिए फिरता है...शाई के लिए तब मुन्ना और महत्वपूर्ण हो जाता है जब उसे पता चलता है कि वो अरूण के बारे में जानता है. मुन्ना से ही शाई को ये पता चलता है कि अरूण का तलाक हो गया है और उसकी बीबी बच्चे ऑस्ट्रेलिया में रहते है.इसके बाद शाई अरूण को लेकर और पोजेसिव हो जाती है लेकिन मसरूफ़ और डिप्रेस्ड अरूण की निजता में शामिल होने का साहस नहीं कर पाती.

इधर अरूण अपने नए फ्लैट में जाता है तो उसे एक छोटे से श्रृँगार बाक्स में बंद चैन, अँगूठी, फोटो और किसी मेटल से बनी एक मछली के साथ तीन विडियो कैसेट मिलते है. पहले तो वो अपने एजेंट से कहकर उस पुराने किराएदार को वापस करना चाहता है लेकिन एजेंट के इंकार पर अरूण अपने पास ही रख लेता है.

एक दिन ऐसे ही अपनी ज़िंदगी से उबकर वो कैसेट को देखना शुरू करता है...कैसेट में एक घरेलू महिला यास्मीन( कीर्ति मल्होत्रा) की बातें है जो अपने पेंटिंग मंव डूबे और ऊबे अरूण के लिए इंटरेस्टिंग हो जाती है जिससे प्रभावित होकर अरूण अपने पेंटिंग में उसका कोलाज बनाना शुरू करता है. इधर यास्मीन अपने विडियो से मुंबई का दर्शन करा रही है उधर शाई अपने फोटो खींचने के शौक में मुंबई देख रही है. मुंबई देखने का यह क्राफ़्ट अपने आप में महत्वपूर्ण है.

यास्मीन गाँव से ब्याह कर बड़े शहर में रहने का सपना लेकर आई है लेकिन उसका इंटरेस्ट यहाँ की चकाचौंध में नहीं है. वे अपने कैमरे में घर में काम करने वाली बाई और अपनी पड़ोसी की उस औरत को रिकार्ड कर रखी है जिसके साथ न जाने क्या हुआ है कि वो कुछ बोलती ही नहीं. रात-दिन एक ही जगह पर एक भाव में बैठी रहती है. फिल्म में अंत तक ये नहीं खोला जाता कि आखिर उस औरत के साथ क्या हुआ होगा लेकिन जब अपने आखिरी कैसेट में यास्मीन अपने भाई जान को बताती है कि वो अपने पति की दूसरी बीबी है और अब वह शायद आप से (भाई जान) कभी नहीं मिल पाएगी तो इससे उस महिला के साथ हुए हादसा को दर्शक कनेक्ट कर लेते है क्योंकि अरूण जिस कमरे में है उसी कमरे के पंखे से लटकर यास्मीन ने अपनी जान दे दी है. अरूण डर कर बाहर निकलता है तो वो महिला वैसे ही बैठी होती है. अरूण उस कमरे को छोड़कर दूसरे जगह चला जाता है. चूँकि अरूण के कपड़े धोने का काम मुन्ना करता है इसलिए अरूण अपने कमरे का पता उसे दे देता है.

इधर शाई मुन्ना के माध्यम से घोबीघाट के अलावा कई जगहो का फोटो लेती है अब शाई के लिए मुन्ना सिर्फ़ इंटरेस्टिंग ही नहीं दोस्त भी हो गया है और मुन्ना शाई से प्यार करने लगा है..और देखा जाय तो शाई भी मुन्ना से. शाई अब उसके साथ फिल्म देखती है उसे शराब पिलाती है और उसके साथ घूम-घूम कर मुंबई की फोटो खींचती है. एक दिन मुन्ना अरूण के घर कपड़े लेने जाता है तो देखता है कि शाई बैठी हुई है. मुन्ना को लगता है कि उसके साथ ठीक नहीं हो रहा है वो उदास हो जाता है. इधर बीच मुन्ना के दोस्त की हत्या हो जाती है जो एजेंट और कॉन्ट्रेक्ट के छोटे-छोटे काम करने के साथ-साथ मुन्ना को रोल दिलाने का दिलासा देता रहता है. मुन्ना के लिए ज़िदंगी और कठिन हो जाती है.

शाई को मुंबई में चूहा मारने वाले को तस्वीर लेनी है. एक दिन वो जिस चूहा मारने वाले की तस्वीर लेती है वो मुन्ना ही रहता है. शाई यह देख कर चौंक जाती है. मुन्ना भी शाई को देख कर भाग जाता है. मुन्ना अब शाई के सामने नहीं आना चाहता. लेकिन एक दिन शाई उसे पकड़ लेती है और अपने प्रति नाराजगी का कारण पूछती है तो मुन्ना उसे बताता है कि तुम्हारा दिल अरूण पर आ गया है. फिर शाई मुन्ना से अरूण का ऐड्रेस पूछती है तो मुन्ना झूठ बोल देता है कि उसे नहीं मालूम वो ऑस्ट्रेलिया जा कर बसने वाला था. लेकिन जब शाई गाड़ी में बैठ कर चली जाती है तो वो दौड़ते हुए पीछा करता है और अपने पॉकेट डायरी से फाड़ के अरूण का पता दे देता है और चला जाता है. शाई के आँख से आँसू गिरते है जो मुन्ना और उसके बीच इस छोटी मगर गहरी यात्रा का चित्र खींच देते है.

हम जिस चीज को नियति का हिस्सा मानकर उसे छोटा बना देते है. उसी छोटी सी बात और क्षणिक इमोशन को किरण एक बड़े कैनवास पर रख देती है. कैनवास पर उभरे चित्र हमारी बिडंबना और विरोधाभास को रेखांकित करने के साथ हमारे स्वप्न भंग की कहानी कहते है. इस स्वप्न भंग के बीच महत्वपूर्ण है संवेदना का बचना जो कि मुन्ना द्वारा शाई को अरूण का ऐड्रेस देने और अरूण को अपने पेंटिंग में यास्मीन के सामान और उसके विडियो को चित्रित करने में दिखाई देता है. शायद धोबीघाट का यही सफ़र है.

एक तरफ़ यास्मिन जैसी घरेलू महिला जो अपने पति में अपने आप को इतना बंद कर लेती है कि उसके बिना अपनी जिदंगी ही खत्म कर लेती है वहीं शाई अपने रिश्ते और संबधो को लेकर इतनी सुलझी हुई है कि शारीरिक संबंध के बाद भी जब अरूण उसके साथ किसी रिश्ते से इंकार करता है तो वो कुछ परवाह नहीं करती उल्टे अरूण को ही रिलेक्स करती है. एक तरफ़ मुंबई की बारिश में उच्च मध्य वर्ग का अरूण अपने पैग को खिड़की से बाहर कर के जाम बनाता है वही मुन्ना अपने छप्पर से टपक रहे पानी को मग्गे में भर कर बाहर फेंकता है. इसका शिल्प अनोखे तरह से बुना गया है. जितनी बारीकी से कथा को बुना गया है उतनी ही बारीकी से आदमी के टूटना और छूटना को बुना गया है.

अभिनय में सब के सब अपने किरादार में डूबे हुए लगते है. खासकर प्रतीक और कीर्ति मलहोत्रा ने तो कमाल का काम किया है. आमिर ने भी अपने स्टाइल से अलग और रियल काम किया है. मोनिका डोगरा के लिए यह बहुत बड़ी चुनौती थी जिसे वह बखूबी पार करती है. निर्देशन और लेखन की जितनी तारीफ की जाय कम है. मुंबई के चकाचौंध में कथानक के साथ क़िरदारों के बसरे और उनके परिवेश को भटकने का खतरा था लेकिन किरण ने संभाल लिया है. कही भी मॉल,होटल, क्लब और बड़ी-बड़ी बिल्डिंगों का बाजारू दिखावा नहीं. कुछ भी बनावटी नहीं. संवाद भी एक दम चुस्त और सहज होने के साथ इंटरेस्टिंग है. कही कुछ बोझिल नहीं. किरण अपनी इस फिल्म से मीनिंगफुल सिनेमा के निर्देशकों के करीब खड़ी तो हुई ही है अपने इस तोहफ़े से हिंदी सिनेमा को समृद्ध भी किया है.


...........................
लेखक से सम्पर्क : 09594282918 ; snp0532@gmail.com

Saturday, August 14, 2010

गोदान की आत्मा का सर्वोत्तम अनुवाद है पीपली [लाईव]

इस अच्छी फिल्म में होरी एक पात्र है. ईंट के भट्ठे के लिये बन्जर जमीन से मिट्टी खोदकर बेचता है. पूरी फिल्म में गड्ढा गहरा होता जाता है सिर्फ इसलिये कि अंत में होरी उसी गड्ढे में मर जाएगा. पूरी फिल्म में एक ही डायलॉग होरी के जिम्मे आया है जिसमें वो अपना नाम बताता है: होरी. एक शब्द उसे कहानी का प्रमुख पात्र बना देता है. होरी नाम का शख्स राकेश नाम के चरित्र में इतने संजीदा बदलाव लाता है कि नत्था के बदले खुद ही मारा जाता है और एक असम्वेदनशील एंकर/रिपोर्टर नन्दिता मलिक एक वाक्य में (‘राकेश फोन नहीं उठा रहा’) अपने मन-मष्तिस्क से ‘डिलीट’ कर देती है.

बिना किसी लाग लपेट के सुनिये: पीपली लाईव इस साल की सर्वश्रेष्ठ फिल्म है. मौलिक भी. फिल्म टीम के ‘कंसंर्स’ कितने गहरे हैं इसका अन्दाजा एक ही वाक्य के लगातार दुहराव से पता चलता है: भारत की सत्तर फीसदी जनता गरीब है. इस वाक्य के अनेक अर्थार्थ फिल्म में इतनी बार दुहराये गये हैं कि ये पंक्ति कविता की गम्भीर शक्ल ले लेती है.

भारतीय ग्राम्य जीवन की दुश्वारियों को इस फिल्म ने आत्मा की तह तक जाकर उठाया है. यह एक ऐसी ‘हिन्दी’ फिल्म है जो पिछले दिनों आये एक चुटकुले(आप जरूर उसे बड़ी खबर कहेंगे) को नोचकर नंगा कर देती है जिसे अंग्रेजी और हिंग्रेजी के अखबारों ने मशरूफियत से छापा: भारत में अमीरों की संख्या गरीबों से ज्यादा. भारत के गाँव के समानान्तर यह फिल्म एक अन्य महत्वपूर्ण विषय उठाती है और वह है: असहाय और दयनीय अवस्था को जा पहुंचा मीडिया तंत्र.

यह फिल्म इस खातिर हमेशा याद रखी जायेगी कि इसने आज के तारीख में जो हाल मीडिया का है उसे सच्ची सच्ची उकेरा. हाय री मीडिया ! कमजोर, खस्ताहाल और झूठी खबरों के सहारे जी रही मीडिया. जब तक प्रशासन, सरकार और राजनीतिक पार्टियाँ नत्था के खेल में शामिल नहीं होतीं तब तक तो लगता है कि एलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पास अकूत ताकत है, वो कुछ भी कर सकती है. परंतु जब मामला गम्भीर होता दिखता है तो सरकार का एक आदेश आता है: मीडिया को दूर रखो और क्या आप यकीन करेंगे इस एक मात्र वाक्य के बाद फिल्म में मीडिया का हाल पिद्दी के शोरबे के बराबर भी नहीं रहता. हद है! तब लगता है कि इतने उंचे उंचे मीडियाकर्मी इसी बात से खुश हो लेते हैं कि उनके कहने से रेलवे में उनका वेटिंग टिकट कन्फर्म हो जाता है. व्यक्तिगत उपलब्धियों जैसे सस्ते या मुफ्त का फ्लैट या घर पा जाना ही अपने जीवन की चरम उपलब्धि मानने वाले मीडियाकर्मी अपनी कमजोरी जानने तथा उसे दूर करने के लिये भी इस फिल्म को जरूर देखें. यही इनकी खुशी के लिये काफी है कि नत्था के ट्टटी का फुटेज इनके पास है. ये कद्दू में ओम को सबसे उर्जावान विषय मानते हैं. प्रेस कान्फ्रेस में उपहार मिलने की लत से जूझना भी इन्हे कठिन लगता है.

फिल्म के एक दृश्य से कितना कुछ स्पष्ट हो जायेगा: एक नेता नत्था के घर आता है – भाई ठाकुर. वो घर के बाहर सारे गूंगे कैमरों के सामने उसे धमकी देता है कि दो दिन के भीतर उसने आत्मह्त्या नहीं किया तो भाई ठाकुर नत्था के बड़े भाई बुधिया की हत्या कर देगा. वो दोनो डरे हुए हैं. कैमरामैन दूर से इस बात चीत के दृश्य को शूट करने में लगे हैं पर उस एक आदेश के बाद मीडिया वालों को इतना दूर फेंक दिया गया है कि उन तक आवाज आ ही नहीं सकती और इसी का फायदा भाई ठाकुर जैसे लोग उठाते हैं. वो मीडियाकर्मियों के पास आकर ठीक उल्टा बयान देता है कि नत्था नहीं मरेगा और वाह री मीडिया! जो इस झूठ को बिना किसी पड़ताल के ‘एक्सक्लूसिव’ बना देता है.
इतना कुछ कहते हुए भी मैं आपको वही बता रहा हूँ जो कुछ इस फिल्म में मीडिया को लेकर सकारात्मक है. आगे आप खुद होशियार हैं..

सबसे जरूरी बात सबसे आखिर में. फिल्म का नायक पात्र स्त्री है. नत्था की पत्नी: धनिया. जीजिवषा का मूर्त रूप. उसके ही उलाहनों तानों से डर कर घबराकर घर के पुरुष कर्ज वापसी के प्रयास शुरु करते हैं. पूरी फिल्म में यह औरत कुछ ना कुछ काम करते हुए दिखाई देती है. यहाँ तक कि जब अपने पति के मृत्यु के बारे में जानकर उदास होना सबसे अनिवार्य उम्मीद होती वहाँ भी वह अपने जेठ को पानी दे रही होती है, अपने बच्चे के बटन टॉक रही होती है.

फिल्म देखते हुए आप खूब हंस रहे होते हैं पर फिल्म खत्म होते ही आप अपनी हंसी को ही राकेश का हत्यारा मानने लगते हैं और अगर ठीक उसी वक्त एकांत मिल जाये तो आप रोने भी लगें.

एक बेहतरीन फिल्म के लिये अनुषा रिजवी तथा महमूद फारूकी को बधाई.

फिल्म की रीलिजिंग डेट भी क्या ही खूब है. पन्द्रह अगस्त के पास.(हाल फिलहाल में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा एक सरकारी विज्ञापन की माने तो भारत का गणतंत्र दिवस). इस फिल्म को जरूर देखिये.

Friday, June 18, 2010

रावण

मेरे प्यारे बॉलीवुड को कुछ हो गया लगता है. नजर – वजर जैसी तीखी कोई चीज लग गई है. हुआ यों कि आज रावण देखा. बड़े दु:ख के साथ कहूँ कि अच्छी फिल्म नही है. काम चलाऊँ कहना भी मुश्किल हुआ जाता है. मणिरत्नम के नाते इस फिल्म से उम्मीद जैसी बँध गई थी. लगा था- रोजा, बॉम्बे और दिल से जैसी बेहतरीन फिल्म होगी पर यह मणिरत्नम की अब तक की सबसे खराब फिल्म है.

हमारे मिथितास में द्रौपदी के बाद सबसे जटिल चरित्र रावण का ही है. राम, अपनी सारी अच्छाईयों के बावजूद, अपने चरित्र में बेहद ‘मोनोटोनस’ है. किसी शाकाहारी चुटकुले की तरह. जैसे स्कूल का कोई सबसे अच्छा बच्चा जो समय पर हंसता है, ठीक नौ पांच पर किताब खोलता है और ठीक नौ सात पर किताब बन्द भी कर देता है..कुछ कुछ वैसा मोनोटोन लिये हुए है राम का चरित्र. कोई इतना अच्छा इंसान/देवता जिसकी नकल भी कोई नही करना चाहता. पर रावण के साथ ऐसा नही है. और यहीं मणिरत्नम चूक गये हैं. पूरी फिल्म के दौरान अभिषेक बच्चन में रावण की छवि का अंश भी नही उभरा है. अगर आज कोई रामायण बनाना चाहे तो अभिषेक को वो सबसे पहले राम के चरित्र के लिये चुनेगा. क्योंकि ‘एक ही चेहरा’ राम के अभिनय के लिये काफी है. रावण के चरित्र में अभिषेक अत्यंत निष्प्रभावी दिखे हैं.

दूसरे,फिल्मकार द्वारा आँख में ऊँगली डाल डाल कर बताने के कारण ही कहना पड़ रहा है कि नक्सलियों को जैसा चित्रित किया गया है, वो मणिरत्नम की समझ पर शक पैदा करता है. कौन ऐसा इंसान है यार जो दिन रात शरीर में कींचड़ लपेटे रहता है. नकसलियों को एलियन की तरह दिखाने वाली समझ ही परेशानी पैदा करती है. इसेक मामले में मणिरत्नम ‘कांति शाह’ के करीब पहुंच गये हैं. नक्सली हमारे और मणिरत्नम की तरह ही इंसान हैं. नकसलियों की जो तस्वीरे ‘एकपक्षधर’ मीडिया हमें उपलब्ध कराता है उनमे भी वो हमारे जैसे ही दीखते हैं. जाहिर है वे लेवाई’स या किलर के जींस में नही होते, उनका स्वास्थ्य वैसा तगड़ा नही होता जैसा उस तस्वीर उतारने वाले का, या खुद मणिरत्नम का....पर आखिर लड़ाई भी तो उसी ‘गैप’ की है.

गोविन्दा ने हनुमान के चरित्र और विक्रम ने राम का चरित्र जीने की कोशिश की है पर एक बार फिर दिशाहीन कहानी की तेज गति में वो बह गये हैं. ऐश्वर्या राय पूरी फिल्म में सिर्फ ऐश्वर्या राय ही लगी है जैसे शाहरूख को कोई भी चरित्र दे दो वो अपना खास शाहरूखपना दिखाने से बाज नही आते.

पूरी फिल्म में बारिश ही बारिश है.अगर आपको ‘अक्स’ की याद हो तो हू-ब-हू वैसी ही सिनेमैटोग्राफी है. क्लोज-अप्स का कमाल है. रहमान भी चुके चुके से लगते हैं. अलबत्ता एक गाने में ऐश्वर्या राय का नृत्य मन को भाता है.

मणिरत्नम की उन मजबूरियों से पर्दा उठे तो शायद कुछ दिलासा हो जिन मजबूरियों की वजह से उन्होने अभिषेक को बतौर रावण चुना.यह भी कि हमारी भाषा के ‘मास्टर्स’ ने जो ‘लीजेंड’ गढ़ दिये, क्या उसे कोई कभी छू नहीं पायेगा?

Saturday, June 5, 2010

मोरा पिया मोसे बोलत नाही.. 2 और राजनीति फिल्म

उमंग के आने से नफा यह हुआ कि आज वर्षों बाद किसी फिल्म का ‘फर्स्ट डे फर्स्ट शो’ देखा. राजनीति.

मनोज वाजपेई रॉक्स!! गज़ब का अभिनय किया है. इस फिल्म मे मनोज का पार्ट दरअसल ड्रामा के विद्यार्थियों के लिये कोचिंग सरीखा है. सम्वाद अदायगी का उत्कृष्ट नमूना पेश किया है. अपने अकेले के दम पर इस काबिल कलाकार ने सबको पीछे छोड़ दिया है. क्या नाना और क्या नसीर और बाकी सब? सबने भला काम किया है पर मनोज सबको खा गया है. मनोज के बाद रणबीर. बहुत प्रभावित किया है रणबीर ने. ये चॉकलेटी रंग रूप का कलाकार इस फिल्म मे और निखर गया है. जब पहली बार वो जनसभा को सम्बोधित कर रहा होता है तब उसे देखिये. अभय देओल के बाद ‘एक्सप्रेशन लेस फेस’ का इस्तेमाल रणवीर ने खूब किया है.

महाभारत के करीब रखने की प्रश्नवाची ज़िद ने फिल्म में जरा ‘तनिकवा’ लगा दिया वरना तो अच्छी फिल्म है. फर्स्ट हाफ मे फिल्म जकड के रखती है. फिल्म देखते हुए आप चाह रहे होते हैं कि हे ईश्वर अब कोई हत्या नही पर तभी एक पर एक हत्याये होती जाती हैं.

अपनी बनावट में प्रकाश ने महाभारत से सट के रहने की कोशिश की है पर फिल्म गॉडफादर के नजदीक चली गई है. या प्रियदर्शन की बेहद अच्छी कृति- विरासत के करीब. महाभारत के करीब तो एक ही फिल्म गई है अभी तक- श्याम बेनेगल की शशि कपूर अभिनीत “कलयुग”!

राजनीति को जहाँ जहाँ महाभारत से को-रिलेट करने की कोशिश की है फिल्म वही और वही कमजोर लगी है. मसलन समर द्वारा सूरज की हत्या, इन्दु को द्रौपदी बनाने का स्पष्टीकरण वाला सीन या भास्कर सान्याल का नाम जान बूझकर भास्कर रखना ताकि इसके पर्यायवाची सूर्य को लोग ना भूले और ना ही सूर्यपुत्र को. वैसे किसी कम्यूनिस्ट किरदार को प्रकाश झा जैसा निर्देशक बेतुका होने की हद तक कमजोर दिखायेगा, इसकी उम्मीद नही थी. कुंती और कर्ण के बीच का मिथैतिहासिक सम्वाद, इस फिल्म का सबसे कमजोर हिस्सा है. अब समर, भास्कर,पृथ्वी, सूरज और इन्दु कौन है ये तो फिल्म देखकर ही जानिये.

प्रकाश झा एक गलती बार बार और हर बार करतें हैं. वो है गर्भ ठहरने की प्रक्रिया. प्रकाश झा यह गलती आज से नही कर रहे है. मुझे पहली याद मृत्युदंड की है. शबाना और ओमपुरी का एक संसर्ग और परिणाम गर्भ और उसी के इर्द गिर्द सारी कहानी. इसके बाद आई थी- दिल क्या करे? इसमे भी वही भूल-गलती. ट्रेन मे औचक मिलते अजय और काजोल, भावना का वही ज्वार, एक दूसरे के नाम पता भी से अंजान,अगली सुबह काजोल मुगलसराय उतर जाती है और कहानी वही- एक संसर्ग और गर्भ, जिसके इर्द गिर्द सारी फिल्म घूमती रहेगी. राजनीति मे भी वही पर यहाँ एक नही तीन तीन जोडो के बीच यही दृश्य.

कैटरीना कैफ ने अपनी तरह की अदाकारी की है, उसके चेहरे से हरेक फिल्म मे बार बार एक ऐसी शक्ल टपकती है जैसे वो ईर्यायस या ठुकराये जाने का शिकार हो, पर इस फिल्म उसे वही किरदार मिला है और उसने बखूबी निभाया है.

अजय देवगण जितना बढिय़ा अपहरण में कर गये थे वैसा हर बार कहाँ सम्भव? कुछ दृश्यों में रामपाल ने जान दी है खासकर जब वो एस.पी. को मारने वाला होता है. दरअसल रामपाल का ही किरदार है कि जब आप हॉल से बाहर आयेंगे तो आपको फिल्म का जो गाना याद रह जायेगा वो है – अंखियाँ मिलाऊँ कभी अंखिया चुराउँ क्या तुने किया जादू..”

फिल्म में कई सारे लूपहोल्स हैं, खासकर स्त्रीपात्र के प्रति निर्देशन टीम का रवैया. द्रौपदी का किरदार रचने के लिये भारी नौटंकी दिखाई गई है. फिल्म में असंख्य हत्याये होती है पर पुलिस गायब है. पुलिस पूरी फिल्म में दो-एक दृश्यों मे ही है वो भी अवांतर प्रसंगो में.अब प्रकाश को कौन बताये कि महाभारत के समय पुलिस भले ना रही हो पर आज तो हत्या होने के ख्याल की भी रिपोर्ट थाने मे दर्ज करानी पड़ती है.

जो भीड़ फिल्म मे दिखाई गई है उसे देख कर सुखद ताज्जुब होता है. और सबसे सुखद है फिल्म के डॉयलॉग्स. मोरा पिया मोसे बोलत नाहीं ..यह गीत आजकल लगभग सभी गुनगुना रहे हैं और मैं उनसे पूछ भी नहे सका कि आखिर तुम क्यों..?

जैसा मैने कहा फिल्म वही वही कमजोर है जहाँ इसे महाभारत के करीब धकेला गया है वरना तो यह फिल्म आपको बतायेगी कि भारत की राजनीतिक पार्टियाँ काम कैसे करती हैं? साजिश, धोखा और धोखे के पक्ष में बयानबाजी, सब है. और हाँ, डर के मारे मैं यह तो कह ही नही सकता कि फिल्म में भारत के हर उस पार्टी का अक्स है जहाँ पर परिवार का राज ही चलता है.अक्स से एक याद- मनोज बाजपेई अपने उसी राघवन के किरदार की उंचाई छूते हैं.

जब आप इसे देखने जायें तो इस बात का ध्यान धर लें कि मनोज बाजपेई को देखने जा रहे हैं.