Wednesday, September 7, 2011

रविन्द्र आरोही के नाम पत्र


डियर आरोही,


तुम्हारी ज़िज्ञासाएँ / बातें मुझे भाती हैं. इसलिए कि तुम लिखते बहुत अच्छा हो और इसलिए भी कि तुम्हारी जिज्ञासाओं में से बहुतों का जबाव मेरे पास नही होता. होता भी है तो इतना धुँधला कि मैं खुद को भी ठीक ठीक नहीं बता पाता.
      जैसे तुम्हारा यह जादुई यथार्थवाद वाला सवाल. इस विषय पर एक परिचयात्मक लेख गिरीश मिश्र ने आलोचना के जिस अंक में लिखा था, उसका प्रकाशन वर्ष तथा अंक संख्या भूल रहा हूँ. तुम्हें यह जानकर दु:ख तो नहीं, कुछ कुछ आश्चर्य होगा कि इस प्रविधि को नाम चाहे जिसने दिया हो, पर इसका प्रयोग पहली बार चित्रकला में हुआ. यह 1925 की बात रही होगी जब फ़्रांज रो ने अपने एक आलोचनात्मक आलेख में इस शब्द का प्रयोग किया. वैसे मेरा मानना है कि हम तारीखों की कचहरी में न उलझे तो बेहतर होगा. बताता चलूँ कि जादुई यथार्थवाद का साहित्यिक उन्न्यन ‘लैटिन अमरिकी’ देशों में हुआ.
       एक दौर था जब कुछ भिन्न करने की चाह और सामयिक जरूरत के कारण नए नए तरीके और प्रविधियाँ ईजाद की जा रही थीं. जिनमें से एक बहुप्रचलित हुआ : अतियथार्थवाद. इसके प्रवक्ताओं में प्रमुख लुई अरागाँ, सल्वाडोर डॉली, और डियेगो रिवेरा हैं. यों तो यह बेहद लम्बी और उबाऊ बहस की सम्भावना बनाती है कि हम जादुई और अतियथार्थ वाद के बीच कोई तुलनात्मक बात रखें पर अगर देखा जाए तो कुछ फर्क बेहद आसानी से लक्षित किए जा सकते हैं. मसलन, अतियथार्थवादी हर हमेशा खुद को समय की राजनीति से जोड़ते रहे, अतियथार्थवाद एक सांस्कृतिक आन्दोलन के बतौर उभरा, जिसका घोषणापत्र 1917 में तैयार किया गया. ट्राट्स्की के चाहने वालों के लिए यह बेहद उत्कंठा से भरी बात है कि अतियथार्थवादियों ने अपना एक मसौदा 1930 में तैयार किया जिसपर बतौर लेखक लुई अरागाँ और डियेगो रिवेरा का नाम गया परंतु सच्चाई यह है कि उसके लेखक लियोन ट्राट्स्की और लुई अरागाँ थे.
        जहाँ हम इन दोनों वादों में फर्क की बात कर रहे थे, वहाँ लौटते हैं. दोनों ही वाद यथार्थ और फंतासी के मिश्रण के लिए जाने जाते हैं. पर जो बारीक फर्क है वह है प्रस्तुति का. जादुई यथार्थवाद जहाँ वस्तु विषय के ही नवीन प्रस्तुतिकरण में विश्वास रखता है और उसके लिए अजीबोगरीब तुलनाएँ, लुभावनी कलाएँ, शब्द विन्यास आदि का प्रयोग करता है, पर करता वह इसी दुनिया की बात है. तो दूसरी तरफ अतियथार्थवाद एक ऐसी दुनिया की रचना करता है, जिसका कोई अस्तित्व ही नहीं, और अगर उसका कोई अस्तित्व है भी तो सिर्फ और सिर्फ मस्तिष्क में. यह प्रस्तुति के साधारण तकनीक से भी किसी असम्भव की रचना करता है पर जादुई यथार्थवाद प्रस्तुति के नितांत नए और अविश्वसनीय लगते उपकरणों / शिल्प से रचना साधारण जन जीवन की करता है.
      अब देखो यही होता है ! इन दोनों का फर्क इतना महीन है कि उपर के अंतरे को जरा भी बेख्याली में पढ़ोगे तो विभ्रम में चले जाओगे. विभ्रम – जो कि बतौर शिल्प जादुई यथार्थवाद में इस्तेमाल होता है और यही विभ्रम बतौर रचना, अतियथार्थवाद से हुई रचनात्मकता के करीब चला जाता है.
      जैसे कई वर्ष तक की बारिश जादुई यथार्थवाद है तो आईने के भीतर चलता हुआ आदमी अतियथार्थवाद है. वजह ? क्योंकि, वह एक दिन हो या दस लगातार साल, हो तो बारिश ही रही है पर एक इंसान किसी भी कीमत पर आईने के भीतर चला जाए और उसके अन्दर टहलता रहे, यह असम्भव है.
      मैं, समझता हूँ कि अब तक तुम पर्याप्त दुविधा के शिकार हो गए होगे !
      जादुई यथार्थवाद, मेरे लिए महज एक शिल्प है, जैसे यथार्थवाद. मुझे अमरकांत की कहानियाँ उतना चकित करती है जितना उदय प्रकाश की. अगर तुम्हारा भी भोजन विदेशी नामों के बिना हजम न होता हो तो उपरोक्त उदाहरण को ऐसे देखो : कि मुझे जेम्स जॉएस भी उतना ही पसन्द है जितना बोर्हेस. मार्खेज से अधिक मुझे वर्जीनिया वुल्फ और हेमिंग्वे पसन्द आए. रोबर्तो बोलान्यो तो इस वाद के विरोध में जाते हुए इतना अच्छा लिख गया कि क्या कहा जाए ?
बतौर शिल्प, जादुई यथार्थवाद, मार्खेज की अद्भुत प्रतिभा के आगे छीज गया और इसलिए ही उनके बाद इस वाद के जितने भी प्रस्तोता आए, मसलन सलमान रुश्दी, वर्गास लोसा और इसाबेल अलेन्दे आदि नागवार लगने लगे. हाँ, गुंटर ग्रास से अब भी एक अच्छी किताब की उम्मीद मैं लगाए हूँ जो कि जादुई यथार्थवाद के अनन्य साधक हैं.
आज की अपनी बात मैं एक उदाहरण से समाप्त करता हूँ. जादुई यथार्थ पर बाकी बातें कल. ठीक ?
अलेक्जेंडर वॉन हमबोल्ट( Alexander von Humboldt ) एक जर्मन भूगोलविद थे जिन्होने उन्नीसवी शताब्दी के पूर्वार्ध में लैटिन अमेरिका की यात्रा की थी. इनके जीवन पर,सन्योग से एक ही साथ, दो उपन्यास आये थे. पहला 2005 में: डेनियल केल्ह्मैन का मेजरिंग द वर्ल्ड, जिसमें उनके यात्रा वृतांतो तथा गॉस   ( सुप्रसिद्ध गणितज्ञ) से उनकी मुलाकात का क्या खूब यथार्थवादी वर्णन है. दूसरा 2006 में : सेजार आईरा का उपन्यास ‘एन एपिसोड इन द लाईफ ऑफ ए लैंडस्केप पेंटर’ ..जो कि जादुई यथार्थवाद और अतियथार्थ के बीच का रास्ता चुनते चुनते खत्म हो गया है.        

तुम्हारा 
09901822558 

Tuesday, August 23, 2011

अपनी नई कहानी : जमीन अपनी तो थी

पिछले वर्ष सितम्बर के शुरुआती दिनों में ' रिवॉल्वर ' प्रकाशित हुई थी. तब से अब तक काफी कुछ बदल गया है. तबादले की वजह से बंगलुरु आ गया. नई जगह और नया काम था, जिसे करने / सीखने में महीनों लग गए. पर यह कहानी तब से लिख रहा था जब नया नया चन्डीगढ़ गया था. फिर तय हुआ कि रिहाईश करनाल रहेगी. उन्हीं दिनों इस कहानी ने मन में आकार लेना शुरु किया था. दो ढाई साल बीते और पूरी भी तब हुई, जब हरियाणा / पंजाब छूट गया.

कहानी का शीर्षक है : जमीन अपनी तो थी . यह शीर्षक, प्रसिद्ध उपन्यासकार जगदीश चन्द्र के उपन्यास से लिया है. ( उस उपन्यास का 'टाईटिल' से हू ब हू लिया है ). वजह दो है : पहली यह कि इससे मौजूँ कोई शीर्षक इस कहानी का सूझ नहीं रह था, दूसरे, इसी माध्यम से मैं जगदीशचन्द्र जी को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ. जगदीश जी मूलत: पंजाब के रहने वाले थे और हिन्दी में खूब लिखा. 

मेरी इस कथा ले लिए यहाँ क्लिक करें. हम अनुराग वत्स के आभारी हैं कि उन्होने इस कथा को सबद पर प्रकाशित किया. 




Friday, August 19, 2011

निमारी संस्कृति पर पहली फिल्म : ऐसा देश है मेरा

( मेरे लिए आरिफ हमीद मित्रवत शिक्षक रहे हैं. सिनेमा देखना, उस पर लिखना पढ़ना अन्य जगहों से सीखा, पर सिनेमा निर्माण का अगर कुछ ककहरा होता है तो उसे आरिफ हमीद जी से ही जाना. इनके साथ मैने पहली 
डॉक्यूमेंट्री की थी, जिसके सिलसिले में स्क्रिप्ट, सम्पादन और कैमरे के व्याकरण को आरिफ जी ने बखूबी बताया. अब वही आरिफ अपनी पहली 'फीचर' फिल्म के साथ आ रहे हैं, और हम उनके इस कदम का तहेदिल से इस्तेकबाल करते हैं. फिल्म 'ऐसा देश है मेरा' का निर्देशन आरिफ साहब का ही है. दशकों तक रंगमंच से जुड़े आरिफ का 'सिनेमाटिक मूड' इस जमाने की प्रचलित भव्यता के खिलाफ है. सरलता उनकी 'फ्रेम' है. इस फिल्म के लिए अथाह शुभकामनाएँ. 

फिल्म पर यह परिचयात्मक टिप्पणी शेषनाथ पाण्डेय की है. शेष, धारावाहिकों की दुनिया से जुड़े हैं और किसी भी दिन यह सूचना धमक सकती है कि शेष फिल्मों के लिए लिख रहे हैं. 

फिल्म के क्लिप्स यहाँ देखें : http://piujitharodesmovie.com )
.............................................................................................

ऐसा देश है मेरा : काश कि ऐसा हो.   


म्यूज़िक,मस्ती, हंगामा और बड़े बजट वाले बॉलिवुड के इस बिकाउ सुर के बीच अपने समय और उसकी संस्कृति की बात करना क्या एक कोरी लफ़्फाजी हो जायेगी? यह बात तब और महत्वपूर्ण हो जाती है जब लोग दबंग और सिंघम जैसी हिट फिल्म से नायक और स्टारडम की वापसी को लेकर फूले नहीं समा रहे है. लेकिन इससे अलग कोई फिल्मकार छोटी बजट में और बिना स्टार के अपनी बात कहने की चेष्टा करता है तो उसे क्या कहा जाय. उसके साहस की तारीफ़ की जाय या उसे दुस्साहसी या बउरहा करार देकर किनारा कर लिया जाय. हम किनारा करे या उन्हें कंधे पर बैठाए लेकिन वास्तविक फिल्मकार हर दौर में फिल्म बनाते रहे है और बनाते रहेंगे. सबसे बड़ी बात यह कि उनके इस दुस्साहिक कारगुज़ारी को लोगो ने ना सिर्फ़ सराहा है उससे बॉलिवुड समृद्ध भी हुआ है.  

इसी कड़ी में अपनी स्टाइल से बिना हंगामा किए “आरिफ़ हामिद” दर्शको के लिए “ऐसा देस है मेरा” ला रहे है. आरिफ़ ने एक दशक से ज्यादा खुलकर रंगमंच किया है जिसमें अंधायुग और महाभोज जैसी काव्यात्मक और औपन्यासिक कृतियाँ शामिल है. यहीं नहीं आरिफ़ ने ढाई सौ के करीब डॉक्यूमेंट्री भी बनाई है. आरिफ़ के अनुसार “पर्दे पर नायक या खलनायक की वापसी और विदाई नहीं होती एक फिल्मकार का आत्म विश्वास और उसका भरोसा ही अपने समय की कथा को दर्शाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करता है. आज से दो-तीन साल पहले एक पर एक कॉमेडी फिल्म हिट हो रही थी. इस भेड़ चाल में एक एक फिल्म के तीन-तीन पार्ट तक बनाए गए और मज़मून यह की सब के सब औसत से ज्यादा सफल रही और अब जब एक ऐक्शन फिल्म हिट हुई नहीं कि सब इसके पीछे पड़ गए. दरअसल यह बाजार के दबाव के बीच हमारी कमजोरी को दर्शाता है. हमें अपने उपर भरोसा नहीं हो रहा है कि हमें करना क्या है और हम कर क्या रहे है.किसी भी सिनेमा या कला के लिए यह खतरनाक स्थिति है.”

आरिफ़ लंबे समय से मुंबई में मौजूद है और सिनेमा के कई पक्षों पर बारीकी से काम करते हुए इस देश के सामाजिक सांस्कृतिक अस्तित्व को फिल्माने के कोशिश में लगे हुए है. उनके कला से जुड़ाव का जो अनुभव संसार बना है उसी को आगे बढ़ाते हुए वो अब दर्शको के लिए अपनी डेब्यू फिचर फिल्म ला रहे है.   

“ऐसा देस है मेरा” में गाँव है “सोनखेड़ी”. सोनखेड़ी ऐसा गाँव नहीं है जहाँ विदर्भ की तरह किसान आत्म हत्या कर रहे है. या सूखे या बाढ़ से बदहाल गाँव जहाँ के लोग अन्न जल के लिए छछन रहे है. बात यहाँ आती है कि फिर इस गाँव की बात बताने की जरूरत ही क्यों आन पड़ी? इसके जवाब में आरिफ़ कहते है –“ भले ही सोन खेड़ी के किसान आत्महत्या नहीं करते. लेकिन खेती का जो स्वरूप बदला है और किसानी महंगी हुई है और उस पर बाज़र का हस्तक्षेप इतना बढ़ गया है कि सरकार भी मुँह छिपाकर बिचौलिए की झोली भर रही है वैसे में इस ज़िदादिल सोनखेड़ी से यह कह कर किनारा कर लिया जाय कि यहाँ कोई बदहाली नहीं है. कोई हंगामा नहीं हो रहा है. और जगहों पर कितने-कितने,कैसे-कैसे हंगामे हो रहे है. तो यह सोनखेड़ी भी एक दिन विदर्भ की तरह हो जाएगा. ऐसे में मेरी मंसा बस यह है कि हमारे पास जो ताक़त बची है उसे और बरबाद होने से बचाए और उनकी ज़रूरतो का तात्कालिक समाधान निकाला जाय. इसीलिए मैंने बिना हंगामा किए सोन खड़ी के लोगो के माध्यम से बात कहीं है. और ऐसा भी नहीं है कि सोन खड़ी की बात कहते हुए हम किसी जन संघर्ष का विरोध कर रहे है.हम किसी भी हाल में सूरत बदलना चाहते है. और इसी भाव से हमने सोनखेड़ी की छोटी मगर गहराई में कहीं बड़ी समस्या को उठा रहे है.”

सोनखेड़ी के किसान सीधे-साधे है जैसा कि हर गाँव के होते है और उसका मुखिया उतना ही चतुर चालाक. वहाँ के किसान हाड़ तोड़ मेहनत करते है. किसी तरह अपनी जीविका चलाने भर अन्न और सब्जियाँ पैदा करते है लेकिन उनके पैदावार का सही मूल्य बिचौलिए की वजह से नहीं मिल पाता. गाँव का मुखिया और बीस साल तक मुखियागिरी करने के बाद भी किसान के सबसे आधारभूत समस्या से आँखे चुराकर बैठा हुआ है क्योंकि वो मंडी का सेक्रेट्री है. ऐसे में सोनखेड़ी के मुखिया का ही लड़का जो अपने पिता की प्रतिष्ठा बढ़ाने के लिए पढ़ाई करने गया था,लौट कर आता है. बिचौलियों के बीच पिस रहे किसान के लिए मुक्ति की राह तलाशता है.

गाँव का पद इस बार आरक्षित है और लड़के(नायक) का कृत्य मुखिया और उसके द्वारा बनाए गए उम्मीदवार के अंगेस्ट जा रहा है..  लड़के को फिर से शहर भेजने की बात होती है जो वहाँ के किसानो को नागवार लगती है. वे लड़के को गाँव से जाने देना नहीं चाहते है क्योंकि उनकी जो सबसे बड़ी सम्स्या थी उसका वो हल कर रहा है. इसी ताने बाने के बीच चुनाव होता है और चुनाव में लड़का चुप है. फिर भी परिणाम एकदम अप्रत्याशित. कैसे हो गया यह क्यों हो गया. इसके साथ कई और सवाल है और जवाब भी. यह अप्रत्याशित परिणाम लोकतंत्र के तथाकथित लंबरदारो को ठेंगा दिखाता है. 

“ऐसा देस है मेरा” बस किसानो की मुक्ति की राह नहीं है इसके कई सेड्स है जैसे गाँव के रिचुअल्स उससे जुड़ाव और उसका हो कर रह जाना. आरिफ़ के अनुसार हिंदी सिनेमा में नीमारी संस्कृति(यानी नर्मदा के संस्कृति)को पहली बार दिखाया गया है.

आरिफ़ के अनुसार “कुल मिलाकर जो बदलाव हो रहे है और बदलाव के बीच हमारे गाँव जो कि इस देश की असली ताक़त है के छूटने और हमारी जड़ो का जो स्वाभिमान और संस्कृति है उस पर ध्यान देने की कोशिश है सोनखेड़ी और यही हमारी फिल्म है ऐसा देश है मेरा.”

नायक के भूमिका राज सिंह चौधरी(गुलाल में अभिमन्यू सिंह के किरदार) और मधुरिमा तुली(जो अब तक दक्षिण की फिल्में कर रही थी) ने लीड भूमिका की है. और सहायक किरादारो में संजय स्वराज,एहसान खान ,मेहनाज़ सर्राफ़ रवींद्र आदि है. फिल्म में एक खास बात है कि आरिफ़ ने इस फिल्म में गाँव के किसानो से अभिनय कराया है.

सिनेमेटोग्राफी कनन सामेन का है 
विकास विश्वकर्मा ने और संगीत दिया है.फिल्म में पाँच गीत है जिसे शब्दबद्ध किया है अरूण सातले ने. अरूण सातले से गीत शब्दबद्ध के बारे में आरिफ़ कहते है –“अरूण इंदौर के गाँव से है और वे आज भी गाँव में ही रहते है. मुझे वहाँ के लोक को लेना था इसलिए मैं ऐसे आदमी से गीत लिखवाना चाह रहा था जो उससे जुड़ा हो. इस लिहाज से अरूण ने कमाल का काम किया है. इस फिल्म के लिए लिखे हुए गीत से हमारी फिल्म रिच होती है.” गीतों को स्वर राज हसन,ऋतू पाठक,लता सिंह,मधु श्री, विकास विश्वकर्मा, वैशाली वैद्य और नवाजूद्दीन ने दिया है. निमारी संस्कृति को अपने धड़कनो में शामिल कर के नर्मदा सी बहती इस फिल्म का इंतजार है. 

Saturday, June 25, 2011

महेश वर्मा की छ: नई कविताएँ

कविता और उसकी राजनीति से इतर की बहसों ने कविता को रूप बन्ध और चाक्षुष ऐन्द्रियता के निकट ला खड़ा किया है. जिससे ज्यादातर कविता अपने चुस्त मुहावरेदारी, स्मार्ट भाषा (जिसमें सिनेमाई गीतों से होड़ अधिक है) की वजह से नजर खींचती जरूर है पर अपने विधान से उनकी दूरी खटकती है. मसलन, हम पाते हैं कि कविता का वाक्य हमें विचार से अधिक दृश्य, और वो भी देखा हुआ या कल्पित, तक पहुंचा देता है. जबकि गढ़े हुए आसान दृश्यों से भरे पूरे इस जमाने में होना यह चाहिए था कि कविता खुद को चाक्षुष होने से बचाती. या कह लें कि प्रतीक रचने की कोशिश करती, जैसे महेश वर्मा की कविताएँ.


बतौर कवि महेश की तैयारी इतनी जबर्दस्त है कि वो कविता में लय बँधने ही नही देते. सायास वो कविता को चाक्षुष होने से बरजते हैं. गढ़ने की शर्त पर महेश छवि नहीं, किम्वदंती की राह लेते हैं ( चंदिया स्टेशन की सुराहियाँ प्रसिद्ध हैं). इनका लगाव जितना कविता के पाठकों से है उतना ही कविता से और यही वजह है कि पाठको के लिए इस्तेमाल “आम फहम तर्क( स्पून फीडिंग)” के सख्त खिलाफ होते हुए स्वयं पाठकों से संयत तैयारी की माँग रखते हैं.

प्रस्तुत हैं महेश की छ: नई कविताएँ. चित्र 'रॉल्फ क्लुएंटर' का.








पानी


अब वही काम तो ठीक से करता , वहाँ भी
पिछड़ ही गया वाक्य सफ़ेद कुर्ते में पान खाकर
तर्जनी से चूना चाटने की तरह कहा जाता
जहाँ उसी आसपास साईकिल अब कौन चढता है
प्रश्न के उत्तर की तरह चलता हुआ ब्रेक इसलिए
नहीं लगा पा रहा था कि रुकते ही प्यास
लगेगी. बिना अपमान के सादा पानी छूंछे
पीकर निकल जाना मुश्किल होते जाने के शहर
में या तो मंत्री हो गए सहपाठी का किस्सा सुनाते
परचूनिए से उधार ले लूं या पत्रकार बन जाऊं के विकल्प
को छोड़ कर कविता लिखना तो ट्यूशन पढ़ाने से भी
कमज़ोर काम कि पीटने के लिए छात्र और दांत
दिखाने के लिए विद्यार्थी की महिला रिश्तेदार भी
नहीं . धूप में साइकिल कहीं रोकने में पुराने पंक्चर
के खुलने का डर तो इस दोगलेपन का क्या
कि जो दरवाजा जीवन से कविता की ओर खुलता
वही दरवाजा कविता से जीवन में लौटने का नहीं .

इस वाक्य ने डरा ही दिया जिसकी चूने वाली मुद्रा
पहले ही बोल चुका जो यूं सुनाई दिया कि कविता में
भी पिछड़ गया, कम से कम वही ठीक से लिखता .

 
 
चंदिया स्टेशन की सुराहियाँ प्रसिद्ध हैं


जंगल के बीच से किम्वदंती की तरह वह आई प्यास उस
गाँव में और निश्चय ही बहुत विकल थी .

और चीज़ें क्यूं पीछे रहतीं जब छोटी रानी ही ने उससे
अपनी आँखों में रहने की पेशकश कर दी , लिहाजा
उसे धरती में ही जगह मिली जहां की मिट्टी का उदास
पीला रंग प्रेमकथाओं की किसी सांझ की याद दिलाता है .

पहली जो सुराही बनी वह भी प्यास धरने के लिए
ही बनी थी लेकिन कथाएँ तो गलती से ही आगे बढ़ती हैं .

आगे बढ़ती ट्रेन उस पुराने गाँव की पुरानी कथा में
थोड़ी देर को जब रुकती है तो लोग दौड़कर दोनों
हाथों में सुराहियाँ लिए लौटते हैं - कथा में नहीं बाहर
सचमुच की ट्रेन में .

वे भी इसमें पानी ही रखेंगे और विकल रहेंगे,
गलती दुरुस्त नहीं हुई है इतिहास की .

 
 
धूल की जगह


किसी चीज़ को रखने की जगह बनाते ही धूल
की जगह भी बन जाती . शयन कक्ष का पलंग
लगते ही उसके नीचे सोने लगी थी मृत्यु की
बिल्ली . हम आदतें थे एक दूसरे की और वस्तुएँ
थे वस्तुओं के साथ अपने रिश्ते में .

कितना भयावह है सोचना कि एक वाक्य
अपने सरलतम रूप में भी कभी समझा नहीं
जा पायेगा पूर्णता में . हम अजनबी थे अपनी
भाषा में , अपने गूंगेपन में रुंधे गले का रूपक
यह संसार .

कुछ आहटें बाहर की कुछ यातना के चित्र .ठंड में
पहनने के ढेर सारे कोट और कई जोड़े जूते हमारे
पुरानेपन के गवाह जहाँ मालूम था कि धूप
आने पर क्या फैलाना है , क्या समेट लेना है
बारिश में .

कोई गीत था तो यहीं था .

 
 
मिलने गया था


बीच में अपने बोलने के वाक्य ही में डूब जाता फिर कुछ
देर पर उसी डूबने की जगह से उसकी थकन बुदबुदाने लगती . कमरे
में अँधेरा छा जाता .कई सूर्यास्त और साल डूब गए उसके बोलने में,
डूबने में , इतने दिनों के बाद वह लौटा था .
बाहर भी गहराती होगी शाम सोचते उठने के मेरे उद्विग्न से
बेपरवाह उसके बोलने में शत्रुओं , स्त्रियों और समर्थ लोगों पर
हिंसा की असमाप्त नदियाँ , इतना उदास और सांवला
होना था जिनका पानी कि अपने भीतर डुबोने का
दुस्वप्न रचतीं , बहतीं फिर बहना भूल जातीं .
उधड़ी हुई जगहों से रेत और जिंदगी के सूख चुके साल
झरते रहते .

कितना ग़लत था सोचना कि पुराना कवि अपने डूबने में बाहर
कोई जगह खाली करता है नए कवि के लिए ,अपने मरने में
बूढा चित्रकार नौजवान चित्रकार के लिए...और ऐसे ही बाकी सब.
बस थोड़ा असावधान था यह कि आसानी से व्यवस्था
इसका शिकार कर पाई और इतना तो अकेला कर ही पाई
दूसरों को जितना यह होता था बाहर .
जितना यह होता था हमारे भीतर हम इसके भीतर वह भी
डूबा इसके डूबने में, क्या फर्क की ये मात्राएँ अलग अलग ?

ऐसा नहीं तो क्यों उदास कर पाती यह बात मुझको लौटते में
और फिर ये भी कि इससे मिलने जाता ही क्यों ?




इस समय के किस्सागो को समझे जाने की ज़रूरत है

मृतकों के बारे में बताता हुआ वह मनुष्यों से अपने विवश जुड़ाव
को व्यक्त कर रहा है, कमसे कम एक वस्तु तो उन्हें मान ही रहा
है जिसे पहचानता है .

सफ़ेद बर्फ़ जिसमें कोई जीवाश्म भी जीवित नहीं विकिरण भी
नहीं , बताते हुए उसके पास पानी की एक पुरानी (उदास) याद
तो है .

खिड़की के बाहर की स्थिरता जिसमें वायुमंडल की खाली
जगह है और कंटीली झाडियाँ , इसमें ही से आपको ढूंढ लेने
हैं इतिहास और नृविज्ञान के सन्दर्भ.
उसके किस्सों में काफी कुछ दर्ज है भाई अब भी .

 
 
इतिवृत्त


अभी यह हवा है वह पुराना पत्थर
                             (चोट की बात नहीं है यहाँ सिर्फ देह की बात है)
यह सर हिलाता वृक्ष पहले उदासी था

यह कील थी पहले एक आंसू
यह रेत एक चुम्बन की आवाज़ है मरुस्थल भर
हंसी नहीं था यह झरना-
                                        यह आग थी हवा में शोर करती चिटखती
                                         अब इसने बदल ली है अपनी भाषा
चाँद पुराना कंगन नहीं था
कुत्ते के भौंकने की आवाज़ थी

परिंदे दरवाज़े थे पहले और आज
जो दरवाज़े हैं वे दरख़्त थे ; यह
                              सब जानते हैं.

जानना पहले कोई चीज़ नहीं थी
वह नृत्य लय थी : खून की बूंदों पर नाचती नंगे पाँव

शोर चुप्पी से नहीं
रोशनी से आया है यहाँ तक

खाली जगहें सबको जोड़ती थीं.



रेमेदिओस

एक साफ़ उजली दोपहर
धरती से सदेह स्वर्ग जाने के लिए
उसे बस एक खूबसूरत चादर की दरकार थी .

यहाँ उसने कढ़ाई शुरू की चादर में
आकाश में शुरू हो गया स्वर्ग का विन्यास .
यह स्वर्ग वह धरती से ही गढ़ेगी दूर आकाश में
यह कोई क़र्ज़ था उसपर .

उसने चादर में आखिरी टांका लगाया
और उधर किसी ने टिकुली की तरह आखिरी तारा
साट दिया स्वर्ग के माथे पर – आकाश में .

रुकती भी तो इस चादर पर सोती नहीं
इसमें गठरी बांधकर सारा अन्धकार ले जाती
लेकिन उसको जाना था

पुच्छल तारे की तरह ओझल नहीं हुई
न बादल की तरह उठी आकाश में

उसने फूलों का एक चित्र रचा उजाले पर
और एक उदास तान की तरह लौट गई .


( रेमेदियोस द ब्युटीफुल नामक चरित्र, गैब्रियल गार्सिआ मार्खेज के उपन्यास ' एकांत के सौ वर्ष' से है जो किस्से के मुताबिक एक दोपहर चादर समेत उड़ जाती है. )

*******************************

( कवि परिचय : अम्बिकापुर में रिहाईश. दर्शन और साहित्य के गम्भीर अध्येता. प्रवीण वक्ता. कविता से अलग अनुवाद कार्य भी.
सम्पर्क : 09713610339 / 09425256497

 

Saturday, June 4, 2011

मनोज कुमार झा की कविताएँ

शब्दकोशों के आसरे कविता में अचम्भा का पुट डालने की अथक और उबाऊ कोशिशों के जमाने में  मनोज की कविताएँ शुभ समाचार की तरह सामने आतीं हैं. अनोखी बिम्ब योजना में माहिर मनोज, हमारे आपके स्वप्नों के कुछ तिनके उठाकर वितान रच देतें हैं. यहाँ मनोज की चार कविताएँ प्रस्तुत हैं. और यहाँ भी छ: कविताएँ.    



कोई भी, कहीं भी


कभी भी हास्यास्पद हो सकता हूँ
इससे भी नीचे का कोई शब्द कहो
कोई शब्द कहो जिसमें इससे भी अधिक ताप हो, अधिक विष
मनुष्यता को गलनांक के पार ले जाने वाला कोई शब्द कहो.

कभी भी हो सकता हूँ हास्यास्पद - घर, बाहर कहीं भी
बच्चे के हिस्से का दूध अपनी चाय में डालते वक्त
कभी भी कलाई पकड़ सकती है पत्नी.
मेरे जैसा ही तो था जो उठाने झुका कोलतार में सटा सिक्का
मैं उसको चीन्ह गया, उस दिन एक ही जगह खरीदे हमने भुट्टे
जब उसको कह रहे हास्यास्पद तो मैं ही कितना बचा.

कभी भी हो सकता हूँ हास्यास्पद -
और यह कौन बड़ी बात है इस पृथ्वी पर
जब हर इलाके में जूठा पात चाट रहा होता है कोई मनुष्य,
सुविधा में जिसे पागल कह डालते हो.


शाप

जो पाँव कट जाते हैं वे भी शामिल रहते हैं यात्रा में,
कट गये हिस्सों से देखो तो दुनिया और साफ दिखती है
नक्शों की लकीरें और गहरी.

दर्शनियाँ जितने आते हैं मरियल या मोटाया हुआ
पुजारी तो बस उन्हें प्रसाद देता है
किसी किसी को ही पहचानता जिससे रिश्ते लेन-देन के,
मगर प्रवेशद्वार पर बैठा भिखारी जानता है सबकी खूबी, सबके ऐब.

प्रार्थना करो, यह शाप न मिले कि
सारे अंग साबूत
मगर जब जल में उतरो तो लगे नहा लिया बहुत देर
और शरीर को अज्ञात ही रह जाये जल का स्पर्श


चमक की चोट


यह वो रोशनी नहीं जो सुस्तकदम आती, बैठ जाती अँधियारे से सटकर
और उसके हाथ की सुई में धागा डाल देती है.
रेत के कण पर पानी का पानी चढ़ाती वस्तुओं के माथे पर चढ़ी है यह ढीठ चमक
नहीं यह सकुचौहाँ चमक जो एक स्वस्थ मनुष्य के नाखून में होती है
यह तो वो चमक जो एक फूँक में मनुष्य को पॉलिथीन की त्वचा में बदल देती है.
आधी रात गये जब करवट बदलते कमर में गड़ रही होती है अधपकी नींद की डंठल
उस वक्त कोई अभागा काँच का केंचुल उतार रहा होता है
फिर हट जाता है साँप की लपलपाती जीभ से मोहक शीशे से दूर
और लौट जाता है चूर उस फाँट में जो अबतक उगी हर सभ्यता में
इन्ही के लिए है.

पुनर्वास

 
यकायक इतना प्रकाश
मैं कुछ भी नहीं देख पा रहा
होता जाता है चित्त चोटिल और बरसता जाता है प्रकाश मूसलाधार
मुझे प्रकाश के भीतर का दूध वापस दे दो.
किसने फोड़ा इतनी जोर से नारियल कि
 इसके भीतर का पानी धुँआ हो गया
मुझे डाभ के भीतर का जल लौटा दो.
एक नाम, दो नाम , तीन नाम, दस नाम
मुझे नामपट्टिका नहीं ठोस जलमय चेहरा दिखाओ.
इस झाड़ी में कुछ था जो त्वच का गंध बदल देता था
मुझे वो सबकुछ वापस करो - सारे गंध और सारी झाड़ियाँ.

मेरी इन्द्रियाँ मेरी देह के भीतर ही रास्ते भूल गई हैं
मुझे जाने दो अपनी इन्द्रियाँ वापस पाने
और सब कुछ यहीं- इसी देश में, इसी काल में
इसी धूल में, इसी घाम में.